पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले के गांव फतेहपुर मणियांवाला में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक सिरफिरे युवक ने एकतरफा प्यार में 2 बच्चों की मां की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए अजनाला से करीब 231 किलोमीटर दूर पहुंचा था और दूसरे दिन मौका मिलते ही महिला की हत्या कर दी.
मृतका की पहचान 30 वर्षीय रमनदीप कौर के रूप में हुई है, जो आंगनबाड़ी में कार्यरत थीं और दो बच्चों की मां थीं. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी 20 वर्षीय करनदीप सिंह और रमनदीप की पहचान करीब 6 महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, लेकिन कुछ समय बाद महिला ने उससे दूरी बना ली और उसका नंबर ब्लॉक कर दिया. इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने बदला लेने की ठान ली.
आंगनबाड़ी केंद्र में किया महिला का मर्डरपुलिस के अनुसार, आरोपी 21 अप्रैल को पहली बार गांव पहुंचा, लेकिन महिला से मुलाकात नहीं हो सकी. इसके बाद वह 22 अप्रैल की सुबह फिर लौटा और आंगनबाड़ी केंद्र में घुस गया. वहां उसने पहले महिला से बहस की और फिर अपने साथ लाए पेपर कटर से उस पर हमला कर दिया. आरोपी ने महिला का गला रेत दिया और तब तक वार करता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई. उससे महिला के दांत भी तोड़े.
लिफ्ट लेकर भागा आरोपीहत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और रास्ते में गाड़ियों से लिफ्ट लेकर भागने की कोशिश की. हालांकि खून से सने हाथ देखकर एक ड्राइवर को शक हुआ, जिसने उसे बीच रास्ते में उतार दिया. बाद में पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
मृतका के पति गुरुचरण सिंह ने बताया कि उनकी शादी 2017 में हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं. घटना से कुछ समय पहले ही पत्नी से उसकी फोन पर बात हुई थी. उन्होंने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचा, तो पत्नी का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था. पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है.