जैसलमेर में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, पड़ोसी ने ही महिला को मारी थी गोली, जीरा चोरी की साजिश में हुई हत्या
TV9 Bharatvarsh April 26, 2026 03:43 AM

Jaisalmer News: राजस्थान के जैसलमेर जिले से 100 किलोमीटर दूर झींझनियाली थाना क्षेत्र में पैसे के लालच में एक पड़ोसी ने महिला के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी. मंगलवार रात हुई घटना का बुधवार को पता चलते ही पुलिस की टीम एक्टिव हो गई. महज 48 घंटे में पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं, हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की तलाश जारी है.

मामला 21 अप्रैल मंगलवार की रात का है, जब मृतक महिला हथुदेवी (50) घर में अकेली सो रही थी. पड़ोसी आरोपी हेमसिंह (25) बंदूक लेकर उसके घर पहुंचता है और नींद में सो रही महिला के सिर में खिड़की से निशाना साधकर कर फायर कर देता है, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो जाती है. हत्या के बाद हेमसिंह घबरा गया और 5 लाख की कीमत के जीरे चोरी नहीं कर सका. मामले को लूट का रूप देने के लिए वह घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर को लेकर 8 किलोमीटर दूर ले गया और लावारिस छोड़ दिया.

घर में पड़ा मिला पत्नी का शव

22 अप्रैल की सुबह मृतका का पति अमराराम जब शादी समारोह का कार्यक्रम निपटा घर पहुंचा तो पत्नी की लाश देख उसके होश उड़ गए. इसके बाद उसने अपने परिजनों और पुलिस को सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए जैसलमेर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे खुद भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. इसके बाद एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया. जांच के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया.

ये भी पढ़ें: यहां ना लें घर मुरादाबाद की श्री राम सोसाइटी में हिंदू परिवारों के मकानों के बाहर लगे पोस्टर, जानें क्या है वजह

मदद का ड्रामा करता नजर आया आरोपी

अगले दिन मास्टरमाइंड हेमसिंह जांच के दौरान घटनास्थल पर पुलिस के साथ मदद का दिखावा करते हुए नजर आया. पुलिसकर्मियों को चाय-पानी पिलाकर मदद का दिखावा करता रहा. उसने रेत से अपने पैरों और ट्रैक्टर के निशान भी मिटाने की कोशिश की, लेकिन झूठ के पांव उतने गहरी नहीं होते कि वह लंबा चल सके. आखिरकार पुलिस की सतर्कता और अनुसंधान के चलते पुलिस आरोपी हेमसिंह के गिरेबान तक पहुंच ही गई.

आरोपी ने स्वीकार जुर्म

पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जैसलमेर से करीब 100 किमी दूर झिनझिनयाली थाना क्षेत्र के बीरे की ढाणी में 21 अप्रैल मंगलवार की रात एक महिला की हत्या हुई थी. 22 अप्रैल बुधवार को सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची ओर अनुसंधान शुरू किया. पुलिस पड़ताल में आरोपी हेमसिंह संदिग्ध लगा, वारदात के समय घटनास्थल पर हेमसिंह की लोकेशन ने संदेह को और गहरा कर दिया.

जीरा चोरी की नियत से कर दी हत्या

इसके बाद पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की, जहां उसने जुर्म को कबूल कर लिया है. जांच में सामने आया है कि हेमसिंह शराब का आदी है. उस पर भारी कर्ज है. पड़ोसी के घर में रखे 5-6 लाख रुपए की कीमत के जीरे को देखकर उसकी नियत बिगड़ गई थी. पूर्व में भी जीरे की खरीद-फरोख्त को लेकर उसका अमराराम से विवाद हुआ था. आरोपी ने लूट का नाटक रचने के लिए ट्रैक्टर चोरी किया था, लेकिन मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सबूतों ने सच सामने ला दिया. आरोपी हेमसिंह कर जेल भेज दिया गया है, जबकि हथियार की तलाश जारी है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.