Rajasthan News: राजस्थान के दौसा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दंपति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की 8 महीने की मासूम बेटी भी है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है. घटना जिले के सैंथल थाना क्षेत्र के सिंगपुरा गांव की है.
पुलिस के अनुसार 24 वर्षीय जितेंद्र मीणा और उसकी 22 वर्षीय पत्नी मनीषा मीणा की शादी करीब दो साल पहले हुई थी. दोनों की एक 8 महीने की बेटी है. बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद जितेंद्र नाराज होकर घर से बाहर चला गया. कुछ देर बाद जब वह लौटा तो उसने पत्नी को फंदे से लटका हुआ पाया.
पति ने भी दे दी जानघटना के बाद जितेंद्र ने अपनी बुआ और ममेरे भाई को फोन कर बताया कि मनीषा ने आत्महत्या कर ली है और वह भी अपनी जान देने जा रहा है. यह सूचना मिलते ही परिजनों ने तुरंत उसके बड़े भाई को जानकारी दी, जो हरियाणा के हिसार में काम करता है. बड़े भाई ने पड़ोसियों को सूचित किया.
जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तो घर के अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए. घर के अंदर दोनों पति-पत्नी अलग-अलग स्थानों पर फंदे से लटके हुए मिले. इसी बीच उनकी मासूम बेटी नीचे बैठी रो रही थी. पड़ोसियों ने बच्ची को संभाला और पुलिस को सूचना दी.
पुलिस कर रही जांचसूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया है.
थानाधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें – 40 साल पहले की थी पत्नी की हत्या, अब बुढ़ापे में दबोचा गया चंद्रशेखर