लखनऊ। दुबई में स्थित संदिग्ध आतंकी आकिब ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह अपना पासपोर्ट फाड़ते हुए भारत न लौटने की घोषणा कर रहा है।
आकिब सोशल मीडिया के माध्यम से भारत के खिलाफ लगातार भड़काऊ बयान दे रहा है। यूपी एटीएस की कार्रवाई के बावजूद उसकी ऑनलाइन गतिविधियाँ जारी हैं। उसने अपने नए वीडियो में न केवल भड़काऊ टिप्पणियाँ कीं, बल्कि भारत न लौटने का भी ऐलान किया।
जांच एजेंसियाँ उसकी हर गतिविधि पर नजर रख रही हैं और उसे भारत लाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि यूपी एटीएस ने दो अप्रैल को लखनऊ, मेरठ और गौतमबुद्धनगर से चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया था, जो देश विरोधी गतिविधियों में शामिल थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आकिब ने साकिब को पाकिस्तानी हैंडलर्स से जोड़ा था।
इसके बाद एटीएस ने आकिब को भी आरोपी माना और उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया। बावजूद इसके, वह इंस्टाग्राम पर वीडियो डालता रहा है। हाल ही में जारी वीडियो में वह एक विशेष समुदाय को निशाना बनाते हुए भड़काऊ बयान देता है और कहता है कि जिस देश में मुसलमानों पर अत्याचार हो रहा है, वह वहां नहीं जाना चाहता। इसके साथ ही उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे आतंकवादी करार दिया जा रहा है। वर्तमान में जांच एजेंसियाँ उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में जुटी हैं।