विराट कोहली ने रचा इतिहास, IPL में 9000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने; दर्शक भी झूम उठे
एबीपी स्पोर्ट्स डेस्क April 28, 2026 03:12 AM

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में विराट कोहली ने इतिहास रच दिया है. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 11 रन बनाते ही किंग कोहली ने आईपीएल में 9 हजार रन पूरे कर लिए हैं. वह आईपीएल में 9000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. विराट की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाईं. आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पहले ही विराट कोहली के नाम है. 

विराट ने 9000 रन पूरे करने के लिए काफी आराम से खेला. उन्होंने छठे ओवर की लास्ट गेंद पर इस जादुई आंकड़े को छुआ. 11 रन बनाने के लिए किंग कोहली ने 12 गेंदों का सामना किया और एक चौके के साथ बाकी के रन दौड़कर बनाए. हालांकि, 9 हजार रन पूरे होते ही किंग कोहली टूट पड़े और दो छक्के लगाए. उन्होंने सिक्स लगाकर आरसीबी को जीत दिलाई 

आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज 

विराट कोहली- 9012 रन 
रोहित शर्मा- 7183 रन
शिखर धवन- 6769 रन
डेविड वॉर्नर- 6565 रन 
केएल राहुल- 5580 रन

81 गेंद पहले जीती बेंगलुरु 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 81 गेंद पहले जीत दर्ज की. गेंदें शेष रहने के लिहाज से आईपीएल की यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है. आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को 9 विकेट से हराया. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 81 गेंद शेष रहते मैच जीत लिया. जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी के सामने दिल्ली कैपिटल्स की टीम 75 रनों पर ढेर हो गई थी. जवाब में आरसीबी ने 6.3 ओवर में मैच जीत लिया. विराट कोहली ने आईपीएल में 9 हजार रन भी पूरे कर लिए. विराट 15 गेंद में 23 और देवदत्त पडिक्कल 13 गेंद में 34 रनों पर नाबाद लौटे. वहीं जैकेब बेथेल ने 11 गेंद में 20 रन बनाए. इससे पहले गेंदबाजी में हेजलवुड ने चार और भुवी ने तीन विकेट चटकाए. 

दिल्ली ने बनाया पावरप्ले का सबसे कम स्कोर 

पहले बैटिंग करने वाली दिल्ली ने पारवप्ले में सबसे कम रनों का टोटल बनाने का रिकॉर्ड कायम किया. टीम शुरुआती 6 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 13 रन ही बोर्ड पर लगा सकी थी. इससे पहले पावरप्ले में सबसे छोटा टोटल 14 रनों का रहा था. 

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.