Bihar Ki Anokhi Shadi: बिहार के बक्सर जिले में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. लेकिन इस संकट का सबसे दर्दनाक और हैरान करने वाला असर एक शादी समारोह में देखने को मिला. जहां एक तरफ दुल्हन मंडप में सज-धजकर दूल्हे का इंतजार कर रही थी, वहीं दूसरी तरफ दूल्हे राजा की कार पेट्रोल खत्म होने के कारण बीच सड़क पर खड़ी हो गई.
शहर के पेट्रोल पंपों पर ‘तेल खत्म है’ के बोर्ड लटके होने के कारण दूल्हे की गाड़ी को बीच रास्ते में ही ब्रेक लग गया. दूल्हा और उसके परिजन काफी देर तक किसी वैकल्पिक इंतजाम की तलाश में रहे, लेकिन जिले के अधिकांश पंपों पर या तो तेल नहीं था या फिर वहां घंटों लंबी कतारें लगी थीं. परिणाम यह हुआ कि दूल्हा समय पर अपनी ही शादी के मंडप तक नहीं पहुंच पाया और विवाह का निर्धारित शुभ मुहूर्त हाथ से निकल गया.
सीएनजी और डीजल का भी बुरा हाल
बक्सर के महाराजा पेट्रोल पंप समेत अन्य मुख्य केंद्रों पर सुबह से ही सैकड़ों वाहनों की लाइन लग रही है. न केवल पेट्रोल-डीजल, बल्कि सीएनजी स्टेशनों पर भी स्थिति गंभीर बनी हुई है. ईंधन की इस कमी ने न केवल रोजमर्रा के कामकाज को प्रभावित किया है, बल्कि शादी-ब्याह वाले परिवारों की खुशियों पर भी पानी फेर दिया है. कई बारातियों की गाड़ियां भी रास्ते में ईंधन खत्म होने की वजह से जहां-तहां खड़ी नजर आईं.
ये भी पढ़ें: मंडप पर 7 फेरे लेने से पहले ही गिर गया दूल्हा, दुल्हन बोली- इससे शादी नहीं करूंगी, खाली हाथ लौटी बारात
प्रशासन से जल्द समाधान की मांग
इस घटना के बाद इलाके में पेट्रोल संकट को लेकर चर्चा तेज हो गई है. स्थानीय लोगों और भुक्तभोगी परिवारों में प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि शादी के इस सीजन में ईंधन की ऐसी कमी ने उनकी पूरी प्लानिंग और बजट बिगाड़ दिया है. फिलहाल, बक्सर के लोग उम्मीद भरी निगाहों से प्रशासन की ओर देख रहे हैं कि कब पंपों पर सप्लाई बहाल होगी और उनकी जिंदगी फिर से पटरी पर लौटेगी.