हार के 3 बड़े कारण..., 243 बनाकर भी जीत नहीं पाई मुंबई इंडियंस, हार्दिक पांड्या से हुई बड़ी गलती
शिवम May 01, 2026 03:42 AM

मुंबई इंडियंस के लिए IPL 2026 में अभी तक कुछ भी अच्छा नहीं रहा है. टीम 8 में से 6 मैच हार चुकी है. हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई अपने होम ग्राउंड (वानखेड़े) में लगातार 4 मैच हार गई, ये भी इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ. पिछले मैच में तो मुंबई ने 243 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, लेकिन तब भी गेंदबाजी में कभी ऐसा नहीं लगा कि MI पल्टन हावी हो. सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर 6 विकेट से जीत दर्ज की. जानिए हार के 3 बड़े कारण.

टॉस जीतकर गलत फैसला

मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच वानखेड़े की पिच नंबर-8 पर हुआ था, ये वही पिच थी जहां इसी सीजन RCB ने 240 रन बनाए थे. मुंबई ने भी लक्ष्य का पीछा करते हुए 222 रन बनाए. बुधवार को हुए मैच में पता था कि शाम को ओस का असर रहेगा, बल्लेबाजी दूसरी पारी में ज्यादा आसान रहेगी.

टॉस हार्दिक पांड्या के पक्ष में गिरा, लेकिन उन्होंने पहले बल्लेबाजी चुन ली. बेशक पिच बल्लेबाजी के अनुकूल  थी, लेकिन ओस को ध्यान में रखते हुए पहले गेंदबाजी चुननी चाहिए थी. कल भी देखा गया कि सनराइजर्स हैदराबाद की पारी के दौरान काफी ज्यादा ओस आ गई थी, गेंदबाजों के हाथ से गेंदें छूट रही थी.

यह भी पढ़ें- कौन हैं सलिल अरोड़ा, जिसने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर मारा 'नो लुक शॉट'; वीडियो हुआ वायरल

जसप्रीत बुमराह नहीं ले सके कोई विकेट

मुंबई इंडियंस जसप्रीत बुमराह पर बहुत ज्यादा निर्भर रहती है, लेकिन इस सीजन उनका जादू कम ही देखना को मिला है. बुमराह ने SRH के खिलाफ भी 4 ओवरों में 54 रन लुटाए, वह कोई विकेट नहीं ले पाए. उनके जोड़ीदार ट्रेंट बोल्ट भी महंगे साबित हुए, वह पॉवरप्ले में विकेट लेने के लिए जाने जाते हैं लेकिन उन्होंने क्या पॉवरप्ले में तो किसी भी गेंदबाज ने विकेट नहीं लिया. अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड ने पॉवरप्ले में 93 रन बना दिए थे, दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रनों की साझेदारी की.

यह भी पढ़ें- प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई मुंबई इंडियंस? MI vs SRH मैच के बाद अंक तालिका में क्या बदला, जानिए

विकेट के कई मौके गंवाए

ट्रैविस हेड ने 30 गेंदों में 76 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 8 छक्के और 4 चौके लगाए. हालांकि उनको आउट करने के कई मौके मुंबई इंडियंस ने गंवा दिए थे. तीसरे ओवर में ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर नमन धीर ने डीप पॉइंट पर हेड का कैच छोड़ दिया था. पांचवें ओवर में फिर नमन धीर ने एक और मौका गंवा दिया था, हालांकि ये थोड़ा मुश्किल था लेकिन अगर कैच होता तो मुंबई दबाव बना सकती थी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.