Car Modification Warranty Void: कार खरीदने के बाद आप भी सोचते होंगे कि अपनी जरूरत और शौक के हिसाब से उसमें कुछ मॉडिफिकेशन करवाए जाएं. ये मॉडिफिकेशन अधिकतर बाहर से करवाए जाते हैं, जिनमें कंपनी का प्रोडक्ट या स्पेयर पार्ट इस्तेमाल नहीं होता. इनमें अलॉय व्हील्स, साउंड सिस्टम, एलईडी लाइट्स, सनरूफ किट और इंफोटेनमेंट सिस्टम जैसे आफ्टरमार्केट एक्सेसरीज़ शामिल होती हैं.
हालांकि, हर बदलाव सुरक्षित नहीं माना जाता. कुछ ऐसे मॉडिफिकेशन होते हैं जो सीधे कंपनी की शर्तों के खिलाफ होते हैं और इससे कार की वारंटी भी खत्म हो सकती है. इसलिए किसी भी बदलाव से पहले यह जान लेना जरूरी है कि कौन सा बदलाव सही है और उससे वारंटी पर असर आएगा या नहीं.
काफी लोग इंजन की पावर और रफ्तार बढ़ाने के शौकीन होते हैं और वे अक्सर ECU ट्यूनिंग, परफॉर्मेंस चिप्स या एयर फिल्टर में बड़े बदलाव करवा लेते हैं, जिससे वारंटी पर असर पड़ता है. कंपनियां मानती हैं कि इस तरह के बदलाव वाहन की बेसिक क्षमता और परफॉर्मेंस को प्रभावित करते हैं और इससे इंजन या अन्य पार्ट्स पर दबाव पड़ सकता है. अगर इन बदलावों के बाद कोई खराबी आती है तो कंपनी उसकी जिम्मेदारी नहीं लेती और वारंटी क्लेम रिजेक्ट किया जा सकता है. ऐसे में कंपनी जैसा इंजन दे रही है, उसे वैसे ही इस्तेमाल करें और उसमें अतिरिक्त मॉडिफिकेशन न करवाएं.
यह भी पढ़ें - Car Headlights Show Movies : अब गाड़ियों की हेडलाइट दिखाएगी फिल्में, जानिए क्या है चीनी कारों का नया कमाल
इसके अलावा इलेक्ट्रिकल सिस्टम में किए गए बदलाव भी वारंटी खत्म होने का कारण बन सकते हैं. जैसे कि हाई-पावर म्यूजिक सिस्टम लगाना, गलत वायरिंग करना या गैर-मानक लाइट्स और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जोड़ना. ऐसे बदलाव वाहन की बैटरी और वायरिंग सिस्टम पर असर डालते हैं, जिससे शॉर्ट सर्किट या फॉल्ट का खतरा बढ़ जाता है, कई बार तो शॉर्ट सर्किट के कारण आग तक लग जाती है. इसी वजह से कंपनियां इन मॉडिफिकेशन्स के बाद कार की वारंटी खत्म कर देती हैं.
बाहरी मॉडिफिकेशन जैसे बॉडी किट, कटिंग या वेल्डिंग और स्ट्रक्चर में बदलाव भी वारंटी को खत्म कर सकते हैं. अगर किसी हिस्से को काटकर या बदलकर इंस्टॉल किया गया हो और बाद में वहां कोई समस्या आती है, तो कंपनी उसे कवर नहीं करती. इसलिए कार को मॉडिफाई करते समय हमेशा कंपनी अप्रूव्ड सर्विस का ही इस्तेमाल करना सबसे सुरक्षित माना जाता है. और तो और, कार के मूल स्ट्रक्चर को छेड़ना भी सुरक्षा के नजरिए से सुरक्षित नहीं है.
यह भी पढ़ें - नए फीचर्स के साथ और भी प्रीमियम सेडान बनेगी Honda City Facelift, जानें क्या होंगे इंटीरियर और फीचर्स में बदलाव