LSG: शादी के चलते छोड़ा आधा IPL, अब हुई लखनऊ की टीम में एंट्री, ऑक्शन में मिले थे 8.6 करोड़
TV9 Bharatvarsh May 02, 2026 11:42 AM

Lucknow Super Giants: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम खराब दौर से गुजर रही है. लखनऊ सुपर जायंट्स अभी तक 8 में से 6 मुकाबले गंवा चुकी है और पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे चल रही है. इसी बीच लखनऊ की टीम के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. टीम का एक स्टार खिलाड़ी बचे हुए सीजन के लिए स्क्वॉड के साथ जुड़ गया है. इस खिलाड़ी के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऑक्शन में जमकर बोली लगाई थी और भारी रकम देकर खरीदा था.

बीच सीजन टीम से जुड़ा ये खिलाड़ी

आईपीएल 2026 के बीच ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज जॉश इंग्लिस अब लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम के साथ जुड़ गए हैं और वह सोमवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले मैच से ही उपलब्ध रहेंगे. इंग्लिस ने आईपीएल ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजी को अपनी शादी के कारण सीमित उपलब्धता के बारे में बता दिया था. इसके बावजूद वह ऑक्शन में काफी डिमांड में रहे थे. इंग्लिस को खरीदने के लिए लखनऊ और हैदराबाद के बीच जबरदस्त जंग देखने को मिली थी. हैदराबाद ने 8.4 करोड़ तक उनपर दांव खेला लेकिन अंत में लखनऊ ने उन्हें 8.6 खरीद लिया.

जॉश इंग्लिस की शादी 18 अप्रैल को पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के मार्गरेट रिवर में हुई थी और अब वह आईपीएल खेलने के लिए तैयार हैं. बता दें, पंजाब किंग्स के लिए उन्होंने पिछले सीजन 11 पारियों में 278 रन बनाए थे, जिसमें औसत 30.88 और स्ट्राइक रेट 162.57 का रहा था. अब वह LSG की कमजोर बैटिंग लाइनअप को मजबूती देने की कोशिश करेंगे. टीम अब अगले कुछ दिनों में मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई के खिलाफ मैच खेलने वाली है और वह अपनी सीजन को पटरी पर लाने की कोशिश करेगी.

मैथ्यू ब्रीत्जके ने छोड़ा टीम का साथ

दूसरी ओर, साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीत्जके व्यक्तिगत कारणों से टूर्नामेंट छोड़कर वापस घर लौट गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी पत्नी के परिवार के किसी करीबी सदस्य का निधन हो गया है. उन्होंने 26 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच से पहले ही टीम छोड़ दी थी. अभी यह साफ नहीं है कि वह टूर्नामेंट में वापस लौटेंगे या नहीं, ये लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए एक बड़ा झटका है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.