तृणमूल कांग्रेस (TMC) के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भारतीय चुनाव आयोग (ECI) के फालता विधानसभा क्षेत्र में दोबारा मतदान कराने के फैसले पर BJP के तरफ से आए बयानों पर कड़ा जवाब दिया. उन्होंने बीजेपी नेता अमित मालवीय के डायमंड हार्बर मॉडल का ढहना बयान की अलोचना की. अभिषेक बनर्जी ने बांग्ला विरोधी गुजराती गैंग को फालता से चुनाव लड़ने की चुनौती दी. अभिषेक बनर्जी लोकसभा में डायमंड हार्बर का भी प्रतिनिधित्व करते हैं.
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि तुम्हारे ‘बांग्ला विरोधी’ गुजराती गैंग और उनके प्यादे ज्ञानेश कुमार के लिए मेरी ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ को जरा सा भी नुकसान पहुंचाने के लिए दस जन्म भी कम पड़ जाएंगे. उन्होंने कहा कि तुम्हारे पास जो कुछ भी है, सब ले आओ. मैं पूरे भारत संघ को चुनौती देता हूं, फल्टा आओ. अभिषेक ने कहा कि अपने सबसे ताकतवर लोगों को भेजो, दिल्ली से किसी ‘गॉडफादर’ को भेजो. अगर तुममें हिम्मत है, तो फल्टा से चुनाव लड़ो.
फालता में होगा दोबारा मतदानअभिषेक बनर्जी का ये बयान तब सामने आया, जब शनिवार को BJP नेता अमित मालवीय ने चुनाव आयोग के उस निर्देश पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें 144-फल्टा विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों, जिनमें सहायक बूथ भी शामिल हैं, इनमें दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया गया था. अमित मालवीय ने सोशल मीडिया ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा कि डायमंड हार्बर मॉडल ढह रहा है.
चुनाव आयोग ने निर्देश दिया है कि फलता निर्वाचन क्षेत्र में दोबारा मतदान 21 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे के बीच होगा, जबकि वोटों की गिनती 24 मई को होनी है. फलता में TMC ने BJP के देबांग्शु पांडा के खिलाफ जहांगीर खान को मैदान में उतारा है. चुनाव आयोग के मुताबिक, ये फैसला 29 अप्रैल को मतदान के दूसरे चरण के दौरान गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने की रिपोर्टों के बाद लिया गया. इससे पहले दक्षिण 24 परगना जिले के फलता इलाके में स्थानीय लोगों ने भी विरोध प्रदर्शन किया था, जिसमें उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं द्वारा धमकियों और डराने-धमकाने का आरोप लगाया था. उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.