Mukesh Khanna: 67 की उम्र में शादी रचाएंगे मुकेश खन्ना? 'शक्तिमान' ने बताई कुंवारे रहने की वजह
TV9 Bharatvarsh May 04, 2026 01:43 AM

Mukesh Khanna on Marriage: टेलीविजन के जाने-माने चेहरे मुकेश खन्ना को कौन नहीं जानता. ‘शक्तिमान’ सीरियल से मशहूर मुकेश खन्ना ने कई सालों तक लोगों को एंटरटेन किया. ये शो साल 2005 में ही बंद हो गया था. लेकिन इतने साल बीतने के बाद भी लोग मुकेश खन्ना को ‘शक्तिमान’ के नाम से जानते हैं. 67 के हो चुके मुकेश खन्ना आज भी कुंवारे हैं. अक्सर लोगों के मन में सवाल आता है कि आखिर मुकेश खन्ना ने शादी क्यों नहीं की. हाल ही में मुकेश खन्ना ने प्यार और शादी के बारे में खुलकर बात की. इस दौरान उन्होंने बताया कि अगर किस्मत उनके जीवन में सही महिला को लाएगी, तो वो शादी जरूर करेंगे.

दिग्गज अभिनेता मुकेश खन्ना अपनी राय खुलकर जाहिर करने से कभी पीछे नहीं हटते. हाल ही में हुई एक बातचीत के दौरान मुकेश खन्ना ने प्यार, रिश्तों और शादी को लेकर अपने विचार शेयर किए. 67 की उम्र में कुंवारे मुकेश खन्ना ने बताया कि प्यार सिर्फ एक बार होता है और अगर उन्हें कभी अपनी किस्मत में लिखी महिला मिल गई, तो वो जरूर शादी करेंगे.

शादी पर बोले मुकेश खन्ना

एक हालिया इंटरव्यू में मुकेश खन्ना ने प्यार और रिश्तों पर बात की और कहा, “अगर आपकी शादी हो गई है, तो आप एक-दूसरे के लिए कमिटिड हैं. लोग कहते हैं कि एक महिला को पतिव्रता होना चाहिए. लेकिन क्या किसी ने कभी ये कहा है कि एक पुरुष को भी पतिव्रता होना चाहिए? मैं कहता हूं कि दो आत्माओं का मिलन हुआ है. लेकिन लोग इस बात पर यकीन नहीं करते… वो कहते हैं, ‘मैं अपनी पत्नी से प्यार करता हूं,’ और फिर भी इधर-उधर भटकते रहते हैं. ये धोखा है.”

“जब किस्मत हमें मिलाएगी”

एक्टर ने आगे कहा, “मैं ज्यादातर लोगों के मुकाबले शादी में ज्यादा यकीन रखता हूं. लोगों को लगता है कि अगर आप शादी नहीं करते, तो आप शादी में यकीन नहीं रखते. ये सच नहीं है. मैं शादी की संस्था में ज्यादातर लोगों से कहीं ज्यादा यकीन रखता हूं. पत्नी कोई ऐसे ही अचानक से नहीं मिल जाती. वो किस्मत में लिखी होती है. अगर ऐसा होना होता, तो अब तक हो गया होता. जिस महिला से मेरी शादी होनी तय है, वो कहीं न कहीं पहले से ही मौजूद है. जब किस्मत हमें मिलाएगी, तो ये हो जाएगा.”

प्यार के बारे में बात करते हुए मुकेश खन्ना कहते हैं, “प्यार सिर्फ एक बार होता है. बाकी सब तो बस मोह या चाहत है. अगर आप किसी एक इंसान से ‘आई लव यू’ कहते हैं और फिर किसी दूसरे के पास चले जाते हैं, तो आप एहसानफरामोश हैं.”

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.