आपसी रंजिश या कुछ और… मुरादाबाद में प्रॉपर्टी डीलर की गोलीमार कर हत्या, इलाके में हड़कंप
TV9 Bharatvarsh May 05, 2026 02:42 PM

Moradabad Crime News: यूपी के मुरादाबाद जिले में अपराधियों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात बिलारी थाना क्षेत्र के कमालपुर चंदौरा गांव की है, जहां कल रात घर से टहलने निकले रंजीत चौहान को बदमाशों ने निशाना बनाया. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

बताया जा रहा है कि रंजीत चौहान कल रात करीब 7:30 साढ़े सात बजे खाना खाने के बाद घर से बाहर निकले थे. उन्होंने अपनी पत्नी नेहा से चाय बनाने के लिए कहा और टहलते हुए घर से कुछ दूरी तक चले गए. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चलाई. गोली लगते ही रंजीत गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

गर्भवती है मृतक की पत्नी

मृतक के परिजनों ने गांव के ही अजय, योगेंद्र और उनके एक रिश्तेदार पर हत्या का आरोप लगाया है. परिवार का कहना है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से रंजीत को निशाना बनाया. परिजनों के मुताबिक रंजीत की किसी से कोई बड़ी दुश्मनी नहीं थी, लेकिन साजिश के तहत बुलाकर हत्या की गई. वहीं मृतक की पत्नी गर्भवती हैं और डिलीवरी का समय करीब है.

पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही बिलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया.

पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.

ये भी पढ़ें – UP में आंधी-बारिश का कहर… 24 घंटे में 24 लोगों की मौत, अलर्ट जारी

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.