चीन की दिग्गज कंपनी TCL इंडिया में बदलेगी अपना चोला! भारतीय प्लांट की 51% हिस्सेदारी बेचने की तैयारी
TV9 Bharatvarsh May 05, 2026 02:43 PM

चीन की बड़ी इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी TCL इलेक्ट्रॉनिक्स भारत में अपने बिज़नेस मॉडल में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है. कंपनी आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित अपने डिस्प्ले मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में 51% हिस्सेदारी बेचने के लिए भारतीय कंपनियों से बातचीत कर रही है. यह कदम सरकार के लोकलाइजेशन दबाव और जोखिम कम करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. डील की वैल्यू $600-800 मिलियन तक यानी 5,708 7,611 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Standard Chartered इस डील में सलाहकार की भूमिका निभा रहा है और संभावित खरीदारों में Dixon Technologies, Amber Enterprises, Syrma SGS Technology, Epack Durable और Uno Minda शामिल हैं. हालांकि बातचीत अभी शुरुआती स्तर पर है और अगले 2-3 महीनों में इसे अंतिम रूप दिया जा सकता है.

आंध्र प्रदेश के तिरुपति में स्थित यह प्लांट भारत की एकमात्र ओपन-सेल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट है, जो TV, स्मार्टफोन, लैपटॉप और ऑटोमोटिव डिस्प्ले के लिए जरूरी कंपोनेंट बनाती है. यह यूनिट TCL China Star Optoelectronics Technology की स्थानीय शाखा के तहत संचालित होती है. कंपनी इस डील के बाद भी 49% हिस्सेदारी अपने पास रखेगी और सबसे बड़ी शेयरहोल्डर बनी रहेगी. बताया जा रहा है कि TCL दो निवेशकों को शामिल करना चाहती है. यह मॉडल हाल ही में Haier की ओर से अपनाए गए स्ट्रक्चर से मिलता-जुलता है, जहां कंपनी ने अपनी भारतीय इकाई में हिस्सेदारी बेची थी लेकिन कंट्रोल बनाए रखा.

कंपनी का निवेश

कंपनी पहले ही इस प्लांट में 1,800 करोड़ रुपये से अधिक निवेश कर चुकी है और इसकी सालाना क्षमता 80 लाख TV पैनल और 3 करोड़ मोबाइल डिस्प्ले बनाने की है. यह चीन के बाहर TCL का सबसे बड़ा डिस्प्ले प्लांट भी है. हालांकि, डिक्सन टेक्नोलॉजीस इस रेस में आगे नहीं दिख रही है. क्योंकि वह पहले से HKC के साथ जॉइंट वेंचर में निवेश कर चुकी है. ऐसे में अन्य कंपनियों के लिए इस डील में मौका बन सकता है. सरकार की लोकल मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने की नीति और चीन पर निर्भरता कम करने के प्रयासों के बीच TCL का यह कदम भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर के लिए बड़ा बदलाव ला सकता है.

यह भी पढ़ें-PF का पूरा पैसा आएगा आपके हाथ, बस अपनाएं ये सीक्रेट ट्रिक, EPFO नहीं काट पाएगा एक भी रुपया!

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.