Jasprit Bumrah: 10 मैच, 3 विकेट और गेंदबाजी औसत 109.66…ये आंकड़े हैं उस गेंदबाज के जिससे कभी बल्लेबाज थर्र-थर्र कांपा करते थे. वो गेंदबाज जिसके सामने रन बनाना बेहद मुश्किल होता था लेकिन अब वही खिलाड़ी आईपीएल में काफी महंगा साबित हो रहा है. ये खिलाड़ी हैं जसप्रीत बुमराह जिनकी आईपीएल में बहुत बुरी हालत है. ये खिलाड़ी हर मैच में महंगा साबित हो रहा है और साथ ही ये खिलाड़ी विकेट लेने के लिए भी तरस रहा है. जसप्रीत बुमराह का इतना खराब प्रदर्शन देखने के बाद पूर्व भारतीय महिला क्रिकेटर वेदा कृष्णमूर्ति ने बड़ा सवाल उठाया हुआ है. वेदा को ऐसा लग रहा है कि बुमराह के साथ शायद सबकुछ ठीक नहीं है.
बुमराह को आराम की जरूरत है?क्रिकइंफो से खास बातचीत में वेदा कृष्णमूर्ति ने कहा कि मुंबई की टीम के सीनियर खिलाड़ियों को बुमराह से बात करनी चाहिए. सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा को बुमराह से पूछना चाहिए कि क्या वो 100 फीसदी फिट हैं? वेदा ने कहा, ‘सूर्यकुमार यादव बुमराह के काफी करीब हैं. वो टीम के उपकप्तान भी हैं. रोहित शर्मा भी वहां पर हैं. वो बुमराह के साथ ईमानदारी से बातचीत करें. उनसे पूछना चाहिए कि क्या आप 100 फीसदी फिट हो, क्या आपको ब्रेक की जरूरत है.’
बुमराह का सही इस्तेमाल नहीं?क्रिकइंफो के शो में संजय बांगर ने बुमराह पर अलग ही राय दी. उनका मानना है कि बुमराह काफी ज्यादा कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने इशारों ही इशारों में पंड्या पर ये आरोप लगा दिया कि वो बुमराह का सही इस्तेमाल नहीं कर सके. बांगर ने कहा, ‘बुमराह काफी ज्यादा कोशिश कर रहे हैं. उनकी औसत स्पीड 131 और सबसे तेज गेंद 140 है. वो काफी ज्यादा कोशिश कर रहे हैं और उनकी बॉडी लैंग्वेज में दिख रहा है कि वो दर्द में हैं. लेकिन मुझे लगता है कि उनका सही से इस्तेमाल नहीं किया गया.’ बता दें जसप्रीत बुमराह इस सीजन में पहले पांच मैचों में एक भी विकेट नहीं ले सके. ये वही बुमराह हैं जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए बेहतरीन गेंदबाजी कर उसे चैंपियन बनाया था. अब ऐसा क्या हो गया है कि बुमराह की धार और रफ्तार दोनों कम हो गई है?