वैसे तो इन दिनों सिर्फ और सिर्फ IPL की चर्चा ही हर किसी की जुबान पर है लेकिन टीम इंडिया की हालिया सफलता अभी भी फैंस के जहन में बनी हुई है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने करीब दो महीने पहले ही लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीता था. इस ऐतिहासिक सफलता के साथ ही अब ICC ने भी टीम इंडिया के दबदबे पर सालाना रैंकिंग अपडेट के जरिए मुहर लगाई है, जहां भारतीय टीम मजबूती से पहले स्थान पर बनी हुई है.
नई रैंकिंग में क्या बदलाव?ICC की ओर से हर साल मई महीने की शुरुआत में सभी फॉर्मेट की रैंकिंग में अपडेट जारी किया जाता है. इस अपडेट में पुराने मुकाबलों के पॉइंट्स हटाए जाते हैं और बीते साल के पॉइंट्स का भार बढ़ जाता है. इस साल के अपडेट में 1 मई 2025 से 30 अप्रैल 2026 के मुकाबलों को 100 फीसदी पॉइंट्स दिए गए हैं, जबकि उससे दो साल पहले के मुकाबलों का वेटेज घटकर सिर्फ 50 फीसदी रह गया है. वहीं अभी तक 2023 से पहले के मुकाबलों को पूरी तरह से हटा दिया गया है. ऐसा ही अपडेट हाल ही में टेस्ट रैंकिंग में भी जारी किया गया था.
टीम इंडिया नंबर-1, दूसरे पर कौन?मंगलवार 5 मई को ICC ने जो सालाना रैंकिंग अपडेट जारी किया, उसमें भी टीम इंडिया की नंबर-1 की कुर्सी को कोई नहीं हिला सका है. भारतीय टीम पहले से ही पहली रैंक पर मौजूद थी और अभी भी 275 पॉइंट्स के साथ शीर्ष पर काबिज है. वहीं दूसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड से उसकी दूरी अच्छी-खासी है. इंग्लैंड को ताजा अपडेट में 1 पॉइंट का फायदा हुआ है लेकिन वो अभी भी भारत से 13 पॉइंट पीछे, 262 के साथ दूसरे स्थान पर है. वहीं ऑस्ट्रेलिया 258 पॉइंट्स के साथ तीसरी रैंक पर है.
टॉप-10 की बाकी टीमों का हालEngland narrow the gap on reigning #T20WorldCup champions India in the ICC Men’s T20I annual rankings update 🙌https://t.co/6v2SkvI4j1
— ICC (@ICC)
लगातार 2 बार ICC टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम फिलहाल इस फॉर्मेट में सबसे मजबूत है, जिसे हराना बाकी टीमों के लिए सबसे मुश्किल चुनौती साबित हो रहा है. जहां तक टॉप-10 रैंकिंग की बात है तो चौथे पर न्यूजीलैंड, पांचवें पर साउथ अफ्रीका, छठे पर पाकिस्तान, सातवें पर वेस्टइंडीज, आठवें पर बांग्लादेश, नौवें पर श्रीलंका और 10वें पर अफगानिस्तान मौजूद हैं.