सांगली पुलिस ने प्रसिद्ध संगीतकार पलाश मुच्छल के खिलाफ गंभीर आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है। उन पर एक फिल्म निर्माता से ₹25 लाख की धोखाधड़ी करने का आरोप है। जब फिल्म निर्माता ने अपने पैसे वापस मांगे, तो पलाश ने उनके साथ अभद्रता की। यह फिल्म निर्माता कोई और नहीं, बल्कि क्रिकेटर स्मृति मंधाना के करीबी दोस्त विज्ञान प्रकाश माने हैं। पुलिस ने इस मामले में अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञान प्रकाश माने ने बताया कि उनकी मुलाकात पलाश मुच्छल से एक फिल्म प्रोड्यूसर के रूप में हुई थी। पलाश ने उन्हें एक फिल्म प्रोजेक्ट में निवेश करने के लिए राजी किया और ₹25 लाख की राशि ली। उन्होंने वादा किया था कि फिल्म छह महीने में पूरी हो जाएगी, लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी न तो फिल्म बनी और न ही पैसे लौटाए गए।
विज्ञान माने ने कहा:
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैं भारतीय संविधान का सम्मान करता हूं। पलाश ने मुझसे पैसे लेकर धोखा दिया। जब मैंने पैसे वापस मांगे, तो वह बहाने बनाता रहा। जब हम उससे मिले, तो उसने एक विशेष समुदाय के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिसे मैं दोहरा नहीं सकता। उसकी मानसिकता बेहद खराब है।”
सांगली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “विज्ञान प्रकाश माने की शिकायत के आधार पर, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) और 352, और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपों में फिल्म निर्माण से जुड़े वित्तीय विवाद के दौरान जाति-सूचक गालियों का इस्तेमाल शामिल है। मामले की जांच जारी है।”