IPL 2026: संजू सैमसन ने जब से चेन्नई सुपरकिंग्स की जर्सी पहनी है ये खिलाड़ी अलग ही अंदाज में नजर आ रहा है. आईपीएल 2026 में चेन्नई के लिए 2 शतक ठोकने वाले संजू सैमसन ने अब दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ कमाल कर दिखाया है. अरुण जेटली स्टेडियम की मुश्किल पिच पर संजू सैमसन ने 52 गेंदों में नाबाद 87 रन बनाकर चेन्नई सुपरकिंग्स को 5वां मैच जिता दिया. संजू सैमसन ने अपनी पारी में 6 छक्के और 7 चौके लगाए. जिस पिच पर केएल राहुल जैसे बल्लेबाज नहीं जमे वहां सैमसन ने अपनी धाक जमा दी. संजू के अलावा कार्तिक शर्मा ने भी नाबाद 41 रन बनाकर चेन्नई को मैच जिताने में अहम भूमिका अदा की.
संजू सैमसन ने चेन्नई सुपरकिंग्स को तेज शुरुआत दिलाई. कप्तान गायकवाड़ 6 रन पर आउट हो गए लेकिन सैमसन ने क्रीज पर थमने का फैसला किया. जब आंखें जम गई तो सैमसन ने ताबड़तोड़ वार भी किए. सैमसन ने पहला छक्का अक्षर पटेल की गेंद पर लगाया. उन्होंने इसके बाद कुलदीप यादव को आड़े हाथों लेते हुए उनकी गेंदों पर 3 छक्के लगाए.नटराजन के ओवर में भी सैमसन ने दो छक्के और दो चौके लगाए. सैमसन ने महज 32 गेंदों में अर्धशतक लगाया. सैमसन ने कार्तिक शर्मा के साथ मिलकर 66 गेंदों में 114 रन ठोके और इस अजेय साझेदारी ने दिल्ली को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया.
संजू सैमसन ने अकेले ही चेन्नई सुपरकिंग्स की बल्लेबाजी को थामा हुआ है. दाएं हाथ का ये बल्लेबाज इस सीजन 10 मैचों में 402 रन ठोक चुका है. सैमसन की बैटिंग एवरेज 57.4 है. इस खिलाड़ी ने अबतक 2 शतक और एक अर्धशतक लगाया है. सैमसन का स्ट्राइक रेट भी 167 से ज्यादा का है.
संजू सैमसन ने सीजन की शुरुआत खराब की थी. पहले तीन मैचों में वो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए. लेकिन इसके बाद संजू सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 115 रन बनाए. सैमसन अगले दो मैचों में कुछ खास नहीं कर सके लेकिन मुंबई के खिलाफ उन्होंने फिर नाबाद शतक ठोका. फिर लगातार दो मैचों में फ्लॉप होने के बाद सैमसन ने अब दिल्ली के खिलाफ फिर नाबाद 87 रन ठोक दिए हैं.