शेयर बाजार में 'आसमान के राजा' का जबरदस्त टेकऑफ! ऐसे कमाए 10800 करोड़
TV9 Bharatvarsh May 07, 2026 12:42 AM

बुधवार को कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट और पश्चिम एशिया संघर्ष से प्रभावित एयरलाइंस के लिए क्रेडिट लाइन की घोषणा के बीच, निवेशकों की भारी खरीदारी के चलते एविएशन सेक्टर में 7 प्रतिशत तक की तेजी आई. खासकर देश की सबसे बड़ी एविएशन कंपनी इंडिगो की पेरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयरों में करीब 7 फीसदी का इजाफा देखने को मिला. जिसकी वजह से कंपनी की वैल्यूएशन में 10,800 करोड़ रुपए से ज्यादा का इजाफा देखने को मिला है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर शेयर बाजार में इंटरग्लोब एविएशन के शेयरों में कितना इजाफा देखने को मिला है.

कंपनी के शेयरों में जबरदस्त इजाफा

इंडिगो की पेरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयर 6.60 प्रतिशत उछलकर BSE पर 4,519.55 रुपए पर बंद हुए. दिन के दौरान, शेयर 7.64 प्रतिशत बढ़कर 4,563.75 रुपए तक पहुंच गया था. वैसे कंपनी का शेयर तेजी के साथ 4,354.65 रुपए पर ओपन हुआ था. जबकि ए​क दिन पहले कंपनी के शेयर 4,239.55 रुपए पर बंद हुआ. वैसे कंपनी के 52 हफ्तों का हाई 6,225.05 रुपए है. जबकि कंपनी का 52 हफ्तों का लोअर लेवल 3,894.80 रुपए पर देखने को मिला था. वहीं दूसरी ओर SpiceJet के शेयर 4.96 प्रतिशत चढ़कर 12.70 रुपए पर बंद हुए.

इंडिगो को 10,800 करोड़ का फायदा

इंडिगो के शेयरों में तेजी की वजह से कंपनी की वैल्यूएशन में जबरदस्त इजाफा देखने को मिला है. आंकड़ों को देखें तो इंडिगो का वैल्यूएशन एक दिन पहले 1,63,924.74 करोड़ रुपए था, जो आज यानी बुधवार को बढ़कर 1,74,751.11 करोड़ रुपए पर आ गया. इसका मतलब है कि कंपनी की वैल्यूएशन में 10,826.37 करोड़ रुपए का इजाफा देखने को मिला. जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में कंपनी के शेयरों में इजाफे की वजह से वैल्यूएशन में इजाफा देखने को मिल सकता है.

क्यों आई शेयरों में तेजी

वैश्विक तेल बेंचमार्क Brent crude 10.50 प्रतिशत गिरकर 98 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. सरकार ने मंगलवार को पश्चिम एशिया संघर्ष से प्रभावित MSMEs और एयरलाइंस को राहत देने के लिए 18,100 करोड़ रुपए के परिव्यय वाली एक Emergency Credit Line Guarantee Scheme (ECLGS) की घोषणा की. इस योजना को – जिससे 2.55 लाख करोड़ रुपए का अतिरिक्त क्रेडिट प्रवाह मिलने की उम्मीद है, जिसमें एयरलाइंस के लिए 5,000 करोड़ रुपए शामिल हैं – मंगलवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंज़ूरी दे दी.

सूचना और प्रसारण मंत्री Ashwini Vaishnaw ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि 18,100 करोड़ रुपए के परिव्यय वाली ECLGS 5.0, पश्चिम एशिया संकट से प्रभावित एयरलाइंस के साथ-साथ MSMEs की भी मदद करेगी. उन्होंने कहा, “यह योजना पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण MSME और एयरलाइन सेक्टर में पैदा हुए तनाव को दूर करने के लिए लाई गई है.”

Livelong Wealth के रिसर्च एनालिस्ट और संस्थापक Hariprasad K ने कहा कि तेल-संवेदनशील सेक्टरों ने बेहतर प्रदर्शन किया. IndiGo, BPCL, Asian Paints और Pidilite ने कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के चलते बढ़त हासिल की, जिससे सीधे तौर पर इनपुट लागत की गतिशीलता और मार्जिन में सुधार होता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.