मुंबई, 6 मई। हर कलाकार का सपना होता है कि वह अभिनय की दुनिया में अपनी पहचान बनाए, लेकिन कुछ क्षण ऐसे होते हैं जो सफलता के सभी मानकों से ऊपर होते हैं। अभिनेता कुणाल ठाकुर, जो कि क्राइम-स्पोर्ट्स ड्रामा वेब सीरीज 'ग्लोरी' में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, के साथ भी ऐसा ही एक खास पल गुजरा।
कुणाल इस सीरीज में 'राका' नामक एक बॉक्सर का किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने अपने करियर के 9 वर्षों में पहली बार अपने पिता को शूटिंग सेट पर बुलाने का अनुभव साझा किया।
अभिनेता ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा किया, जिसमें वह अपने पिता और सह-कलाकार मुक्ति मोहन के साथ दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने लिखा, "9 सालों में पहली बार मेरे पिता सेट पर मुझसे मिलने आए। मेरे माता-पिता अबू धाबी में रहते हैं। इतने वर्षों की मेहनत और लंबे शूटिंग शेड्यूल के बीच, उन्होंने मुझे कभी लाइव काम करते हुए नहीं देखा।"
कुणाल ने बताया कि इस खास मुलाकात में उनकी सह-कलाकार मुक्ति मोहन का बड़ा योगदान था। उन्होंने कहा, "मुक्ति ने मेरे पिता को सेट पर लाने की योजना बनाई और उन्हें उस दुनिया में लाकर खड़ा कर दिया, जिसके पीछे मैं एक दशक से भाग रहा हूं।"
कुणाल ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा कि जब उन्होंने अपने पिता को चुपचाप सेट पर खड़े होकर 'राका' के रूप में अभिनय करते देखा, तो वह पल किसी भी पुरस्कार या तालियों से अधिक मूल्यवान था।
उन्होंने अंत में लिखा, "यह मेरे लिए उस व्यक्ति द्वारा देखे जाने और समझे जाने का अनुभव था, जिसकी मौजूदगी मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण है। मेरे पिता का वहां होना मेरी मेहनत का सबसे बड़ा प्रमाण था। यही मेरे लिए 'ग्लोरी' का असली क्षण था।"