रिलीज से पहले 'मैं वापस आऊंगा' का अनोखा प्रमोशन, अटारी बॉर्डर पर BSF जवानों के लिए गाएंगे ए.आर. रहमान
Webdunia Hindi June 06, 2026 08:42 PM

निर्देशक इम्तियाज अली की आगामी फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' इन दिनों जबरदस्त सुर्खियों में है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन रिलीज से पहले फिल्म की टीम एक ऐसा ऐतिहासिक कदम उठाने जा रही है जो सिनेमा के दायरे से कहीं ऊपर है। 

 

ऑस्कर और ग्रैमी पुरस्कार विजेता दिग्गज संगीतकार ए.आर. रहमान 7 जून को भारत-पाकिस्तान के अटारी बॉर्डर पर देश की सुरक्षा में तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के वीर जवानों को सम्मानित करने के लिए एक विशेष लाइव परफॉर्मेंस देंगे।


ALSO READ: 'कॉकरोच जनता पार्टी' को मिला सेलेब्स का साथ, ऋचा चड्ढा बोलीं- डायनासोर मिट गए पर 'कॉकरोच' जिंदा हैं
 

‘जय हो - ए ट्रिब्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स’

अटारी बॉर्डर पर आयोजित होने वाले इस अनोखे और पहले तरह के संगीतमय कार्यक्रम को ‘जय हो - ए ट्रिब्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स’ नाम दिया गया है। यह खास परफॉर्मेंस 7 जून को शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे के बीच, अटारी बॉर्डर के जेसीपी स्टेडियम में होने वाली प्रसिद्ध 'रिट्रीट परेड सेरेमनी' के दौरान होगी।

 

पद्म भूषण से सम्मानित ए.आर. रहमान इस देशभक्ति से सराबोर माहौल में अपनी धुनों के जरिए उन वीर पुरुषों और महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त करेंगे, जो हर मौसम और परिस्थिति में देश की सीमाओं की रक्षा के लिए मुस्तैद रहते हैं।

 

इम्तियाज अली, वेदांग रैना और मोहित चौहान भी होंगे शामिल

इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए सिर्फ ए.आर. रहमान ही नहीं, बल्कि फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' की पूरी टीम वहां मौजूद रहेगी। रहमान के साथ फिल्म के निर्देशक इम्तियाज अली, युवा अभिनेता वेदांग रैना, और मशहूर गायक मोहित चौहान, पूजा तिवारी और नरगिस भी सुरों का जादू बिखेरेंगे। 


बॉलीवुड की अन्य लेटेस्ट खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
 

यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे पसंदीदा और प्रतिष्ठित संगीत जोड़ियों में से एक की वापसी का प्रतीक है। निर्देशक इम्तियाज अली, संगीतकार ए.आर. रहमान और गीतकार इर्शाद कामिल की तिकड़ी ने इससे पहले 'रॉकस्टार', 'तमाशा' और 'अमर सिंह चमकीला' जैसी फिल्मों में कालजयी संगीत दिया है। अब 'मैं वापस आऊंगा' के जरिए यह जादुई तिकड़ी एक बार फिर दर्शकों के दिलों को छूने के लिए तैयार है।

 

क्या है फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' की कहानी?

यह फिल्म 1947 में हुए भारत के विभाजन के दर्द और उस दौरान बिखरे दो प्रेमियों की दास्तान को बयां करती है। फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में दिलजीत दोसांझ और शरवरी वाघ नजर आएंगे, जबकि अभिनेता वेदांग रैना और नसीरुद्दीन शाह भी अहम किरदारों में हैं। फिल्म 12 जून को देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। 

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.