AR Rahman: 'जय हो' के नारों से गूंजेगा अटारी-वाघा बॉर्डर, BSF के जवानों को सुरों से सलामी देंगे एआर रहमान
TV9 Bharatvarsh June 06, 2026 08:42 PM

Main Wapas Aaunga: संगीत के जादूगर एआर रहमान इंडस्ट्री के सबसे बड़े नामों में से एक हैं. सिंगर ने अपने करियर में बेहतरीन म्यूजिक दिया है और अब वो एक ऐतिहासिक शो करने जा रहे हैं. रहमान सात जून को पंजाब में भारत-पाकिस्तान के अटारी बॉर्डर पर एक बहुत ही खास और यादगार शो करने जा रहे हैं.

इस कार्यक्रम का नाम रखा गया है ‘जय हो – अ ट्रिब्यूट टू द ब्रेवहार्ट्स’. ये पूरा इवेंट रविवार को शाम साढ़े चार से साढ़े पांच बजे के बीच होगा, जब वहां की मशहूर परेड सेरेमनी होगी. जेसीपी स्टेडियम से ये इवेंट लाइव होगा. रहमानअपनी सदाबहार धुनों के जरिए उन वीर जवानों का शुक्रिया अदा करेंगे जो देश के लिए अपनी जान दांव पर लगा देते हैं.

‘मैं वापस आऊंगा’ की टीम भी होगी मौजूद

खास बात ये है कि ये इवेंट फिल्ममेकर इम्तियाज अलीकी आने वाली नई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की टीम मिलकर कर रही है, जिसका लाजवाब म्यूजिक खुद रहमान साहब ने ही तैयार किया है. अटारी बॉर्डर पर केवल रहमान ही नहीं होंगे, बल्कि उनके साथ डायरेक्टर इम्तियाज अली, फिल्म के लीड एक्टर वेदांग रैना और बॉलीवुड के मशहूर सिंगर मोहित चौहान भी मौजूद रहेंगे. उनके साथ पूजा तिवारी और नरगिस जैसी सिंगर्स भी अपनी आवाज से लोगों में जोश भरती नजर आएंगी.

क्या है ‘मैं वापस आउंगा’ की कहानी?

इम्तियाज की ये फिल्म 1947 में हुए भारत और पाकिस्तान के बंटवारे के बैकड्रॉप पर बनी एक बेहद भावुक लव स्टोरी है. फिल्म में दिलजीत दोसांझ, शारवरी, वेदांग रैना और नसीरुद्दीन शाह जैसे बेहतरीन कलाकार हैं. फिल्म में वेदांग और शारवरी लीड रोल में हैं. वेदांग फिल्न में यंग नसीर साहब बनेंगे. वहीं नसीरुद्दीन शाह इसमें दिलजीत के दादाजी का किरदार अदा कर रहे हैं. ये खूबसूरत फिल्म इसी महीने 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.