केन्द्र सरकार का बड़ा फैसला : उज्ज्वला योजना के तहत अब साल में मिलेंगे सिर्फ 4 सब्सिडी वाले सिलेंडर
Webdunia Hindi June 09, 2026 12:42 PM

PM Ujjwala Yojana Update: केंद्र सरकार ने प्रमुख उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडरों की संख्या घटाकर चार कर दी है। यह निर्णय औसत घरेलू खपत के स्तर को देखते हुए लिया गया है। सब्सिडी व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर होगी।

 

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव प्रवीण मल खनूजा के मुताबिक, यह नई सीमा उज्ज्वला लाभार्थियों की औसत सालाना गैस खपत के करीब है। अधिकांश लाभार्थी सालभर में लगभग इतनी ही गैस का उपयोग करते हैं।

 

गौरतलब है कि  दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 942 रुपए तक पहुंच गई है। हालांकि, उज्ज्वला लाभार्थियों को 300 रुपए की सब्सिडी मिलने के बाद एक सिलेंडर करीब 642 रुपए में उपलब्ध हो रहा है।

 

क्या है उज्जवला योजना : प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) भारत सरकार द्वारा ग्रामीण और गरीब परिवारों की महिलाओं को मुफ्त रसोई गैस (LPG) कनेक्शन प्रदान करने की एक कल्याणकारी योजना है। योजना की शुरुआत 2016 में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी।

 

इसके तहत सरकार 300 रुपए प्रति सिलेंडर की दर से सब्सिडी देती है। पहले लाभार्थियों को प्रति वर्ष 12 सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम सिलिंडर मिलते थे। पिछले साल सब्सिडी कोटा घटाकर नौ सिलेंडर कर दिया गया था, और अब इसे और कम करके 4 कर दिया गया है।

edited by : Nrapendra Gupta

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.