यूपी के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) के व्यावसायिक संचालन शुरू होने से ठीक पहले एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है. टाटा समूह की एयरलाइन एयर इंडिया एक्सप्रेस ( Air India Express ) ने नोएडा एयरपोर्ट से अपनी प्रस्तावित उड़ान सेवाओं को फिलहाल अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया है. इसके साथ ही एयरलाइन ने गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से भी अपनी सेवाएं वापस ले ली हैं. इस फैसले के बाद NCR में एयर इंडिया एक्सप्रेस अब केवल दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से ही संचालन करेगी.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एयर इंडिया एक्सप्रेस का संचालन
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अगले सप्ताह से संचालन शुरू करने की तैयारी में है. शुरुआत में जिन एयरलाइनों के यहां से उड़ान भरने की उम्मीद थी, उनमें एयर इंडिया एक्सप्रेस भी शामिल थी लेकिन अब एयरलाइन ने अपनी लॉन्च योजना को फिलहाल स्थगित कर दिया है. इसके बाद एयरपोर्ट के उद्घाटन के दिन केवल इंडिगो अपनी सेवाएं शुरू करेगी, जबकि अकासा एयर बाद में संचालन शुरू करेगी.
उद्योग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, एयर इंडिया ग्रुप फिलहाल लागत नियंत्रण और नेटवर्क ऑप्टिमाइजेशन पर विशेष ध्यान दे रहा है. सूत्रों का कहना है कि जब समूह की पहले से ही दिल्ली एयरपोर्ट पर मजबूत मौजूदगी है, तो NCR के एक और एयरपोर्ट पर नया इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करना फिलहाल व्यावहारिक नहीं माना जा रहा है. इसी रणनीति के तहत कुछ मार्गों पर उड़ानों में कटौती और नेटवर्क में बदलाव किए जा रहे हैं.
Hindon एयरपोर्ट से एयर इंडिया एक्सप्रेस का संचालन
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने गाजियाबाद स्थित Hindon एयरपोर्ट से भी अपना संचालन बंद कर दिया है. पहले सर्दियों के शेड्यूल के दौरान हिंडन एयरपोर्ट पर प्रतिदिन करीब 25 विमान गतिविधियां दर्ज की जाती थीं लेकिन अब एयर इंडिया एक्सप्रेस के बाहर होने और इंडिगो द्वारा भी कुछ सेवाएं कम किए जाने के बाद यहां की उड़ान गतिविधियों में भारी गिरावट आई है. वर्तमान में हिंडन एयरपोर्ट से केवल सीमित संख्या में उड़ानें संचालित हो रही हैं.
विशेषज्ञों के अनुसार, हिंडन एयरपोर्ट को कुछ संचालन संबंधी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है. इसमें ये चीजें शामिल हैं.
- सीमित विमान पार्किंग क्षमता
- केवल दिन के समय संचालन की सुविधा
- विमानों के लंबे समय तक खड़े रहने पर शेड्यूल प्रभावित होने का खतरा
- जरूरत पड़ने पर उड़ानों को दिल्ली एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना