इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स अपने करियर की सबसे मुश्किल मुसीबत में फंस गए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में मिली जीत के बाद नाइटक्लब में जश्न मनाना उनके करियर के लिए घातक साबित होता दिख रहा है. एक नाइटक्लब में हुए झगड़े में शामिल होने के कारण स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन के खिलाफ इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) जांच शुरू कर चुका है. मगर बात अब इससे भी आगे बढ़ती हुई दिख रही है क्योंकि माना जा रहा है कि स्टोक्स सिर्फ कप्तानी ही नहीं छोड़ने वाले बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट से ही संन्यास लेने पर विचार कर रहे हैं.
इंग्लैंड की मीडिया में बीते 24 घंटों से स्टोक्स और एटकिंसन के नाइटक्लब बवाल का मुद्दा छाया हुआ है क्योंकि इसने न सिर्फ टीम के कल्चर को एक बार फिर सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है, बल्कि इस बार खुद कप्तान स्टोक्स इसमें फंस गए हैं. इस घटना के सामने आने के बाद ईएसपीएन क्रिकइंफो की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि इस घटना में दोषी पाए जाने पर उन्हें टेस्ट टीम की कप्तानी गंवानी पड़ सकती है जबकि दोनों को अगले टेस्ट मैच या पूरी सीरीज से बाहर किया जा सकता है.
मगर अब मंगलवार 9 जून को इंग्लैंड की स्पोर्ट वेबस्टाइट ‘टॉकस्पोर्ट’ ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया है कि स्टोक्स सिर्फ कप्तानी ही नहीं बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट भी छोड़ सकते हैं. इसमें एक इंग्लिश रिपोर्टर के हवाले से बताया गया है कि ECB की जांच पूरी होने या फैसला आने से पहले बेन स्टोक्स खुद कोई कदम उठा सकते हैं और इसमें कप्तानी छोड़ना सबसे पहला फैसला होगा लेकिन वो रिटायरमेंट का ऐलान भी कर सकते हैं. हालांकि, इस मामले में अभी तक इंग्लिश बोर्ड की ओर से कोई नया अपडेट नहीं दिया गया है और फिलहाल इस मुद्दे को लेकर इंग्लैंड क्रिकेट में माहौल गरमाया हुआ है.
आपको बता दें कि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार 8 जून की शाम को खुलासा किया था कि वो एक नाइटक्लब में हुई घटना के बाद स्टोक्स और एटकिंसन की जांच कर रहा है. हालांकि बोर्ड ने ये नहीं बताया था कि घटना क्या है लेकिन धीरे-धीरे इसकी परतें खुल चुकी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार 7 जून को टेस्ट मैच जीतने के बाद देर रात इंग्लैंड के कप्तान स्टोक्स और 5 विकेट लेने वाले पेसर एटकिंसन नाइटक्लब में जीत का जश्न मना रहे थे.
इसी दौरान वहां इंग्लैंड के ही एक रग्बी क्लब सैरासन्स के खिलाड़ी भी सीजन खत्म होने के बाद सेलिब्रेट कर रहे थे. इसी दौरान किसी बात कर झगड़ा हुआ और सैरासन्स के एक एकेडमी प्लेयर ने एटकिंसन को मुक्का मारने की कोशिश की, जो तुरंत हट गए और मुक्का स्टोक्स-एटकिंसन के साथ मौजूद सिक्योरिटी ऑफिसर को लग गया. हालांकि, पूरे मामले में बताया जा रहा है कि क्रिकेटर्स की कोई गलती नहीं थी और रग्बी खिलाड़ी ने ही आक्रामक तेवर दिखाए थे.