कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किये जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह बीजेपी द्वारा एक सीट छीनने और दिनदहाड़े लूट का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के प्रयास के खिलाफ कानूनी तरीके के अलावा सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ेगी।
केसी वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र को खारिज करना बीजेपी द्वारा गुप्त तरीके से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नष्ट करने का एक प्रयास है। उनके नामांकन में किसी भी त्रुटि या कोई जानकारी छिपाने का आरोप पूरी तरह से मूर्खतापूर्ण है और कांग्रेस से एक सीट छीनने का एक हताशा भरा प्रयास है।’’
वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘जब उन्हें (बीजेपी) एहसास हुआ कि हमारे कांग्रेस विधायकों से सौदा करने की उनकी गंदी चालें विफल होने वाली हैं, तो वे इतने नीचे गिर गए कि उनका नामांकन खारिज करवा दिया।’’ उन्होंने दावा किया कि यह संविधान और लोकतंत्र के प्रति बीजेपी की खोखली प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि बीजेपी हर कदम पर किसी न किसी तरह ‘वोट चोरी’ पर आमादा है। आज की घटना इसका ताजा उदाहरण है। वेणुगोपाल ने कहा कि हम लोकतंत्र की इस दिनदहाड़े लूट को बर्दाश्त नहीं करेंगे, और इसके खिलाफ कानूनी तरीके के अलावा सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ेंगे।