भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते हुए खिलाड़ी और आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) की कप्तानी करने वाले ऑलराउंडर रियान पराग को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. पिछले काफी समय से चोटों से जूझ रहे रियान पराग के दाएं कंधे की मुंबई में सफल सर्जरी की गई है. इस सफल ऑपरेशन के बाद पराग अब एक लंबे रिहैबिलिटेशन और रिकवरी फेज से गुजरेंगे, जिसके कारण वह कुछ समय तक क्रिकेट के मैदान से दूर रहेंगे. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए ये जानकारी दी.
रियान पराग के कंधे की हुई सर्जरीरियान पराग के लिए पिछला कुछ समय काफी चुनौतीपूर्ण रहा है. आईपीएल 2026 के दूसरे हाफ में वह हैमस्ट्रिंग की समस्या से गंभीर रूप से परेशान थे, जिसकी वजह से वह लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एक लीग मैच भी नहीं खेल पाए थे. इसके बावजूद, अपनी टीम को प्लेऑफ में पहुंचाने और खिताब की रेस में बनाए रखने के लिए उन्होंने पूरी तरह फिट न होने पर भी मुंबई इंडियंस के खिलाफ करो या मरो वाला आखिरी लीग मैच खेला था. यही नहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर और गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-2 मैचों के दौरान भी वह मैदान पर दौड़ते समय साफ तौर पर दर्द में दिखाई दे रहे थे.
इसके साथ-साथ वह कंधे की चोट से भी जूझ रहे थे. जिसके चलते अब उन्हें सर्जरी करना पड़ी है. सर्जरी के सफल होने के बाद रियान पराग ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर फैंस को अपनी सेहत की जानकारी दी. इंस्टाग्राम पर अस्पताल के बेड से मुस्कुराते हुए अपनी फोटो करते हुए रियान ने लिखा, ‘आखिरकार कंधा जीत ही गया. जितने भी लोग लगातार मुझसे पूछ रहे थे, उन्हें बता दूं कि सर्जरी हो चुकी है और यह सफल रही है. पिछले दो सालों ने मेरी ऐसी परीक्षाओं ली हैं जिसकी मैंने कभी उम्मीद नहीं की थी. कुछ अच्छे दिन थे, कुछ काफी निराशाजनक दिन थे, और कुछ दिन ऐसे भी थे जब सिर्फ एक मैच को पूरा कर पाना भी मेरे लिए एक बड़ी चुनौती थी. लेकिन मैं इसे किसी और तरीके से नहीं चाहता था. अब मेरे सामने एक अलग तरह की चुनौती है, रिकवरी, रिहैब और धैर्य. मैं जल्द ही वहां वापस लौटूंगा जिससे मैं सबसे ज्यादा प्यार करता हूं (क्रिकेट). आपसे दूसरी तरफ मुलाकात होगी.’
इंडिया-ए के दौरे से भी होना पड़ा था बाहर
View this post on Instagram
A post shared by Riyan💫 (@riyanhparag)
कंधे की इस पुरानी समस्या को रियान पराग लंबे समय से बीसीसीआई (BCCI) की मेडिकल टीम की देखरेख में मैनेज कर रहे थे. श्रीलंका में खेली जा रही 50 ओवरों की ट्राई-सीरीज के लिए उन्हें ‘इंडिया-ए’ टीम का उपकप्तान भी बनाया गया था, लेकिन हैमस्ट्रिंग और कंधे की इस समस्या के बढ़ने के कारण उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा. उनकी जगह ऋतुराज गायकवाड़ को टीम में शामिल किया गया.