ASUS Chromebook CM32: आसुस ने सोमवार 15 जून को भारत में अपने Chromebook पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए Chromebook CM32 Detachable, Chromebook CM14 और Chromebook CM15 लॉन्च कर दिए हैं. नए क्रोमबुक छात्रों, पहली बार लैपटॉप खरीदने वाले यूजर्स और रोजमर्रा के कामों के लिए हल्के डिवाइस तलाश रहे लोगों को ध्यान में रखकर पेश किए गए हैं. इनकी शुरुआती कीमत 26,990 रुपये रखी गई है. कंपनी का कहना है कि सभी मॉडल ChromeOS पर चलते हैं और लंबी बैटरी लाइफ के साथ आते हैं. चलिए जानते हैं इनकी कीमत और फीचर्स के बारे में…
कितनी है कीमतASUS Chromebook CM14 की कीमत 26,990 रुपये रखी गई है, जबकि Chromebook CM15 को 28,990 रुपये में लॉन्च किया गया है. वहीं Chromebook CM32 Detachable की कीमत 37,990 रुपये है. CM32 फिलहाल प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध है, जबकि CM14 और CM15 की बिक्री 19 जून से Amazon और ASUS eShop पर शुरू होगी. कंपनी सभी Chromebook के साथ सीमित समय के लिए Google AI Pro के फायदे और क्लाउड स्टोरेज एक्सेस भी दे रही है. इसके अलावा CM32 का प्री-ऑर्डर करने वाले ग्राहकों को एक्सटेंडेड वारंटी, एक्सीडेंटल डैमेज प्रोटेक्शन और ASUS माउस वाला बंडल पैकेज रियायती कीमत पर मिलेगा.
CM32 Detachable बना सबसे खास मॉडलनई सीरीज में Chromebook CM32 Detachable सबसे अलग और प्रीमियम मॉडल है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका डिटैचेबल डिजाइन है, जिससे इसे लैपटॉप और टैबलेट दोनों की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है. डिवाइस का वजन केवल 640 ग्राम है और इसमें मिलिट्री ग्रेड मजबूती वाला मेटल बॉडी डिजाइन दिया गया है. इसमें 10.95 इंच का 2.5K टचस्क्रीन डिस्प्ले मिलता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास प्रोटेक्शन के साथ आता है. Chromebook CM32 में ASUS Pen सपोर्ट भी दिया गया है. कंपनी इसके साथ डिटैचेबल कीबोर्ड और मैग्नेटिक स्टैंड भी दे रही है. ASUS का दावा है कि यह डिवाइस एक बार चार्ज करने पर 12 घंटे तक चल सकता है.
CM14 और CM15 में मिलेगी लंबी बैटरी लाइफASUS Chromebook CM14 और Chromebook CM15 को रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए डिजाइन किया गया है. दोनों मॉडल लगभग एक जैसे फीचर्स के साथ आते हैं, लेकिन इनके डिस्प्ले साइज में अंतर है. CM14 में 14 इंच की स्क्रीन दी गई है, जबकि CM15 में 15 इंच का बड़ा डिस्प्ले मिलता है. दोनों लैपटॉप MediaTek Kompanio 540 प्रोसेसर से लैस हैं और इनमें 180 डिग्री ले-फ्लैट हिंज दिया गया है. कंपनी के अनुसार ये Chromebook एक बार चार्ज करने पर 20 घंटे तक की बैटरी लाइफ दे सकते हैं. इन्हें छात्रों, ऑनलाइन क्लास और ऑफिस के बेसिक कामों के लिए एक मजबूत विकल्प माना जा सकता है.
ये भी पढ़ें: सुंदर पिचाई का भाषण बीच में छोड़कर भागे स्टूडेंट, आखिर क्यों हुआ हंगामा