फीफा विश्व कप: जर्मनी ने रचा इतिहास, विश्व कप में सबसे अधिक गोल करने वाली टीम बनी, देखें टॉप-5 सूची
Aurora Nightingale June 16, 2026 12:20 AM

फीफा विश्व कप 2026: जर्मनी ने फीफा विश्व कप 2026 में कुरासाओ को हराकर इतिहास रच दिया है। जर्मनी ने यह मुकाबला 7-1 से अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही जर्मनी ने एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम कर लिया है। जर्मन टीम अब फीफा विश्व कप के इतिहास में सबसे अधिक गोल करने वाली टीम बन गई है। इस उपलब्धि के साथ ही जर्मनी ने ब्राज़ील को पीछे छोड़ दिया है। फीफा विश्व कप 2026 (FIFA World Cup 2026) में कुरासाओ के खिलाफ जर्मनी ने यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने सातवें गोल के साथ बनाया। अब तक जर्मनी ने फीफा विश्व कप में कुल 239 गोल दागे हैं। इस मामले में ब्राज़ील दूसरे स्थान पर है। पांच बार की विश्व चैंपियन टीम ब्राज़ील ने अब तक फीफा विश्व कप में 238 गोल किए हैं। आइए देखें टॉप-5 टीमों की सूची...

विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीमें कौन हैं?

जर्मनी अब फीफा विश्व कप में सबसे अधिक गोल करने वाली टीम बन गई है। वहीं, इस सूची में अब ब्राज़ील दूसरे स्थान पर खिसक गया है। इसके अलावा मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना तीसरे स्थान पर है, जिसने अब तक विश्व कप में कुल 152 गोल किए हैं। इसके बाद फ्रांस का स्थान आता है, जिसने 136 गोल किए हैं, जबकि इटली 128 गोल के साथ पांचवें स्थान पर है।

  • 239 - जर्मनी
  • 238 - ब्राज़ील
  • 152 - अर्जेंटीना
  • 136 - फ्रांस
  • 128 - इटली

जर्मनी बनाम कुरासाओ मैच कैसा रहा?

जर्मनी ने कुरासाओ के खिलाफ अपने पहले मैच की शुरुआत से ही दबदबा बना लिया था। मैच के शुरुआती छह मिनट में ही जर्मनी ने पहला गोल दाग दिया। इसके बाद कुरासाओ ने एक गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया। इसके बाद जर्मनी ने लगातार गोल करते हुए बढ़त बना ली। निको श्लोटरबेक ने कॉर्नर किक से शानदार हेडर लगाते हुए जर्मनी को 2-1 की बढ़त दिलाई। इसके बाद पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में काई हैवर्ट्ज़ ने पेनल्टी का फायदा उठाते हुए स्कोर 3-1 कर दिया। दूसरे हाफ में भी जर्मनी का दबदबा जारी रहा और टीम ने लगातार गोल किए। इसी प्रदर्शन के दम पर जर्मनी ने कुरासाओ को 7-1 से मात दी।

कुरासाओ ने भी रचा इतिहास

कुरासाओ ने जर्मनी के खिलाफ अपने पहले मैच में इतिहास रच दिया। दरअसल, कुरासाओ अब फीफा विश्व कप में गोल करने वाला सबसे कम आबादी वाला देश बन गया है। जानकारी के अनुसार, कुरासाओ की आबादी मात्र 1,58,000 है। यही नहीं, यह देश फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाला सबसे कम आबादी वाला देश भी है।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.