
Mumbai , 15 जून . ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि हमारा मकसद भाजपा को हराना है. जो कोई भी भाजपा को हराना चाहता है, उसका हमारे साथ जुड़ने के लिए स्वागत है और हम कंधे से कंधा मिलाकर लड़ेंगे.
वारिस पठान ने समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए कहा कि हमारी पार्टी के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी यूपी के बहराइच में थे. इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया, जहां भीड़ जुटी थी. हमारी मंशा भारतीय जनता पार्टी को हराना है. हम चाहते हैं कि भाजपा दोबारा सत्ता में न आए, इसलिए जो भी आना चाहता है, हम गठबंधन के लिए तैयार हैं. हमारी शर्त है कि हमें हिस्सेदारी दी जाए और इज्जत के साथ बुलाया जाए.
उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने सभा में मंच से कहा कि हम गठबंधन के लिए तैयार हैं. पठान ने कहा कि किस पार्टी के साथ जाएंगे और कितनी सीटों पर लड़ेंगे, यह बाद की प्रक्रिया है.
वारिस पठान ने कहा कि Samajwadi Party (सपा) भाजपा को हरा नहीं पाती तो एआईएमआईएम को भाजपा की बी-टीम बताती है. वास्तविकता तो यह है कि भाजपा और सपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं. भाजपा का हिंदुत्व एजेंडा है, और अखिलेश यादव भी सॉफ्ट हिंदुत्व कर रहे हैं. मुसलमानों के मुद्दों पर ये लोग नहीं बोलते हैं. यूपी की जनता समझदार हो चुकी है.
उन्होंने कहा कि अगर प्रॉपर पॉलिसी के साथ आगे बढ़े तो भाजपा को भी हराया जा सकता है.
टीएमसी में फूट के बाद बागी सांसद ‘नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया’ (एनसीपीआई) के साथ विलय कर रहे हैं. इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए वारिस पठान ने कहा कि ये हम पर बी-टीम का आरोप लगा रहे थे. आज खुद कहां से कहां चले गए. कल तक ये लोग हमको गालियां दे रहे थे, मुसलमानों के नाम पर वोट लिए और पूरे के पूरे वोट लेकर चले गए, देश देख रहा है.
अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता को लेकर एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा कि सबसे अच्छी बात है कि युद्ध रुक जाए. जंग किसी भी समस्या का समाधान नहीं है. इससे बहुत नुकसान होता है. India को भी नुकसान का सामना करना पड़ा. अमेरिका के हमले में हमारे देश के तीन नागरिकों की जान चली गई.
उन्होंने कहा कि अच्छा होता कि पीएम मोदी भी कुछ अच्छा स्टेप लिए होते. पीएम ने भारतीयों की मौत की निंदा तक नहीं की है. हमारे देश में एक महीने के भीतर चार-पांच बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए. महंगाई का सामना सिर्फ युद्ध की वजह से करना पड़ा.
कांग्रेस नेता अशोक गहलोत की भाजपा पर प्रतिबंध वाले बयान पर वारिस पठान ने कहा कि भाजपा जब से सत्ता में आई है, तब से विकास के मुद्दे पर कभी बात नहीं की है. उनका मुद्दा सिर्फ हिंदू-मुसलमान करना है. मुसलमान के खिलाफ जहर उगलना ही मुद्दा है.
–
एएसएच/डीकेपी