सो रही महिला को चोर ने किया 'Kiss', आंख खुलते ही दिखाया हथियार; पूछा- कैश-ज्वेलरी कहां रखी हो?
TV9 Bharatvarsh June 16, 2026 02:43 AM

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के कैंट इलाके से चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां देर रात घर में घुसे चोरों ने सिर्फ चोरी की कोशिश ही नहीं की, बल्कि ऐसी हरकत कर दी जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया. आरोप है कि घर में सो रही महिला को एक चोर ने ‘Kiss’ कर दिया. महिला अचानक जाग गई और सामने हथियार लेकर खड़े लोगों को देखकर डर गई.

घटना बीते रविवार देर रात के समय की है, जब परिवार घर में सो रहा था. इसी दौरान चार लोग चोरी की नीयत से घर में घुस आए. बताया जा रहा कि चोर धीरे-धीरे घर के अंदर पहुंचे और कमरे तक पहुंच गए. महिला अपने छोटे बच्चे के साथ सो रही थी, तभी एक आरोपी उसके पास पहुंचा और उसे ‘किस’ कर दिया. महिला को जैसे ही इसका अहसास हुआ, उसकी आंख खुल गई.

ये भी पढ़ें-UP: जिस रिटायर्ड दारोगा ने 30 बदमाशों का एनकाउंटर किया, उसी की FIR नहीं लिख रही पुलिस; घर में हुई थी चोरी

महिला के जागते ही चोरों ने डराने की कोशिश शुरू कर दी. आरोप है कि उनके हाथ में डंडे और तमंचे थे. उन्होंने महिला से पूछा कि घर में रखा कीमती सामान और नकदी कहां है. परिवार के अन्य सदस्य भी हलचल से जाग गए. घर का माहौल अचानक तनाव और डर में बदल गया.

हथियार दिखाकर बनाया दबाव

महिला और परिवार के लोगों ने विरोध करने की कोशिश की तो आरोपियों ने धमकाना शुरू कर दिया. परिवार के मुताबिक, चोर लगातार जल्द से जल्द सामान बताने का दबाव बना रहे थे. इसी दौरान घर में मौजूद छोटी बच्ची भी जाग गई और रोने लगी. घटना से पूरा परिवार सहम गया. हालांकि महिला ने हिम्मत दिखाई और शोर मचा दिया. आवाज सुनकर आसपास के लोगों को हलचल का पता चला. लोगों के जागने और पकड़े जाने के डर से आरोपी जल्दबाजी में घर से भाग निकले. घटना के बाद परिवार काफी डरा हुआ नजर आया.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी कौन थे और क्या उन्होंने पहले भी ऐसी वारदात को अंजाम दिया है? पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरे से चोरों की पहचान कर रही है. पूरे मामले में बरेली कैंट के इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. एक महिला के साथ छेड़खानी की बात भी सामने आई है. आसपास लगे CCTV कैमरों को चेक कर जल्दी चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.