लखनऊ: ₹40 का बंद मक्खन खाया, पैसे मांगे तो दुकानदार को ठग ने हड़काया; पुलिस पहुंची तो बोला- IPS हूं, सैल्यूट मारो
TV9 Bharatvarsh June 16, 2026 06:43 PM

Lucknow news: लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां महज 40 रुपये के बंद मक्खन के पैसे बचाने के चक्कर में एक शख्स की फर्जी आईपीएस अधिकारी होने की पोल खुल गई. आरोपी खुद को नोएडा में तैनात आईपीएस अधिकारी बताकर चाय दुकानदारऔर पुलिसकर्मियों पर रौब झाड़ रहा था, लेकिन पुलिस की जांच में उसकी सच्चाई सामने आ गई.

घटना महानगर क्षेत्र के गोल मार्केट चौराहे की है. यहां एक चाय की दुकान पर पहुंचे व्यक्ति ने बंद मक्खन खरीदा था, जिसकी कीमत 40 रुपये थी. जब दुकानदार ने उससे पैसे मांगे तो वह भड़क गया और खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर दबाव बनाने लगा. आरोपी ने दावा किया कि वह नोएडा में तैनात आईपीएस अधिकारी है और दुकानदार को अपनी पहचान का रौब दिखाने लगा.

दुकानदार को कैसे हुआ संदेह?

दुकानदार को उसकी बातों पर संदेह हुआ. आरोपी का व्यवहार भी संदिग्ध लग रहा था. इसके बाद चाय विक्रेता ने पुलिस को सूचना दे दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां भी आरोपी ने खुद को आईपीएस अधिकारी बताते हुए पुलिसकर्मियों पर धौंस जमाने की कोशिश की.

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कहा कि वह नोएडा का आईपीएस अधिकारी है. इतना ही नहीं, उसने पुलिसकर्मियों से यह तक पूछ लिया कि उसे सैल्यूट क्यों नहीं किया गया. जब पुलिस ने उससे पहचान पत्र और आधिकारिक दस्तावेज दिखाने को कहा तो वह कोई वैध आईडी प्रस्तुत नहीं कर सका.

इसके बाद पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसकी असलियत सामने आ गई. आरोपी की पहचान मिथिलेश शुक्ला के रूप में हुई, जो लखनऊ के सीतापुर रोड स्थित भरतनगर इलाके का निवासी है. पूछताछ में उसने बताया कि वह नोएडा सेक्टर-18 स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता है.

पुलिस का कहना है कि मिथिलेश शुक्ला ने झूठी पहचान का इस्तेमाल कर न केवल दुकानदार को धमकाने का प्रयास किया, बल्कि पुलिसकर्मियों को भी गुमराह करने और उन पर दबाव बनाने की कोशिश की. इस दौरान उसकी हरकतों से सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई.

पुलिस ने दर्ज किया केस

मामले में गोल मार्केट चौकी प्रभारी आर्यन शर्मा की तहरीर पर महानगर थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी पहले भी कहीं इस तरह की हरकतों में शामिल रहा है या नहीं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.