दिल्ली पुलिस की पश्चिमी जिला पुलिस के मोती नगर थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में मृतक के सगे भाई और भाभी को गिरफ्तार कर लिया है. करीब ढाई महीने पहले रामा रोड स्थित एक फैक्ट्री के बाहर प्लास्टिक के बोरे में बंद एक सड़ी-गली लाश मिली थी, जिसकी पहचान तक नहीं हो पा रही थी. पुलिस की लंबी जांच और तकनीकी पड़ताल के बाद मृतक की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई.
पुलिस के मुताबिक, 4 अप्रैल को रामा रोड स्थित एक फैक्ट्री के बाहर सफेद रंग का एक बड़ा प्लास्टिक का बोरा मिला था, जिससे बदबू आ रही थी. जब पुलिस ने बोरा खोला तो उसमें दो और कंबलों में लिपटा एक शव मिला. शव काफी सड़ चुका था और मृतक के दोनों पैर मोबाइल चार्जर की तार से बंधे हुए थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि अमित कुमार की हत्या गला दबाकर की गई थी. उसके सिर पर भी गंभीर चोट के निशान मिले. जांच के दौरान पुलिस ने 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 200 से अधिक ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी किए. इसी दौरान एक E- Cart की पहचान हुई, जिसके जरिए शव को ठिकाने लगाया गया था.
आरोपियों तक कैसे पहुंची पुलिस?E-Cart चालक और मजदूरों से पूछताछ में पुलिस लोनी, गाजियाबाद स्थित उस किराए के मकान तक पहुंची जहां हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था. मकान से खून के धब्बों वाले कई सबूत भी बरामद हुए. जांच में पता चला कि मृतक अमित कुमार का छोटा भाई गोपाल और उसकी पत्नी सोमा उर्फ सीमा उसी मकान में रहते थे. वारदात के बाद दोनों मकान खाली कर फरार हो गए थे. इसके बाद पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में लगातार दबिश दी. मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आखिरकार 15 जून को दोनों आरोपियों को रामा रोड स्थित शिव बस्ती इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस जांच में हुए कई खुलासेपुलिस जांच में शुरुआती तौर पर सामने आया है कि अमित कुमार शराब पीने का आदी था. वह अपने छोटे भाई की पत्नी सोमा उर्फ सीमा के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करता था. आरोप है कि वह उस पर अपनी पत्नी जैसा अधिकार जताता था, उससे अनुचित मांगें करता था और शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करता था. इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर झगड़े होते थे.
पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के चलते गुस्से में आकर गोपाल और उसकी पत्नी ने अमित की हत्या कर दी. फिलहाल पुलिस हत्या के पूरे घटनाक्रम, इस्तेमाल किए गए सामान की बरामदगी और अन्य सबूत जुटाने में लगी हुई है. आरोपी गोपाल पुलिस रिमांड पर है, जबकि उसकी पत्नी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.