हर एक को 15 करोड़ रुपये एडवांस दिए जा रहे…संजय राउत का बड़ा दावा, सांसदों को खरीदने का लगाया आरोप
TV9 Bharatvarsh June 17, 2026 09:42 AM

महाराष्ट्र में एक बार फिर से उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) को बड़ा झटका लगने की खबरें सामने आ रही है. पिछले कुछ दिनों से ऐसी चर्चा है कि यूबीटी के सात लोकसभा सांसद पाला बदल सकते हैं. ये सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना के नेताओं के संपर्क में हैं और जल्द ही शिंदे दोबारा से उद्धव गुट पर सर्जिकल स्ट्राइक कर सकते हैं. इसे ऑपरेशन टाइगर नाम दिया गया है. इस बीच यूबीटी के सांसद संजय राउत का बयान सामने आया है, जिसमें एक बड़ा दावा किया जा रहा है.

संजय राउत का कहना है कि महाराष्ट्र के सांसदों को पाला बदलने के लिए 15-15 करोड़ रुपए ऑफर किए जा रहे हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा ‘अपना सपना मनी मनी! महाराष्ट्र के सांसदों को खरीदने के लिए हर एक को 15-15 करोड़ रुपए एडवांस दिए जा रहे हैं. यह जानकारी चौंकाने वाली और घिनौनी है!. सांसद ने इस पोस्ट को बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फणडवीस को टैग भी किया है.

अपना सपना मनी..मनी!
महाराष्ट्रातील खासदारांना विकत घेण्यासाठीआज रात्री प्रत्येकी
१५ कोटींचा एडवांस देण्यात येत असल्याची माहिती धक्कादायक आणि घृणास्पद आहे!@Dev_Fadnavis

— Sanjay Raut (@rautsanjay61) June 16, 2026

राउत के दावे से पाला बदलने की अटकलेें तेज

खास बात ये है कि संजय राउत लगातार इस बात का खंडन कर रहे थे कि पार्टी के सभी सांसद एकजुट हैं और कोई कहीं नहीं जा रहा है. उन्होंने कहा था कि हम ऑपरेशन वुल्फ करेंगे. उन्होंने कहा था कि ऑपरेशन टाइगर महज एक अफवाह है. लेकिन अब राउत की इस पोस्ट से साफ जाहिर हो रहा है कि राज्य में कुछ बड़ा खेला होने वाला है. पार्टी भले ही एकजुटता की बात करे लेकिन हकीकत कुछ और ही है.

उद्धव के सांसद दिल्ली में मौजूद

इस बीच खबर है कि शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मुंबई से दिल्ली पहुंच गए हैं.ऑपरेशन टाइगर की चर्चाओं के बीच शिंदे का दिल्ली दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इधर उद्धव गुट के भी कुछ सांसद दिल्ली में दिल्ली पहुंच गए हैं. जानकारी के अनुसार भाऊसाहेब राजाराम वाकचौरे शिरडी से दिल्ली आए हैं. बताया जा रहा है कि कल ही उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र का दौरा किया था और संगमनेर में आयोजित सप्ताह कार्यक्रम में भी मौजूद रहे थे. हालांकि अचानक दिल्ली रवाना होने के बाद उनके दौरे को लेकर कई तरह की राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही हैं.

6 सांसदों के अलग गुट बनाने की चर्चा

वहीं शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के तीन सांसद अनिल देसाई,संजय राउत और अरविंद सावंत भी दिल्ली पहुंचे हैं. खबर है कि आज तीनों सांसद मीडिया से बात करेंगे. वहीं उद्धव ठाकरे के सांसद नागेश आस्तिकार भी दिल्ली आ गए हैं. वहीं परभणी सांसद संजय उर्फ ​​बंधु जाधव और यवतमाल वाशिम सांसद संजय देशमुख के भी दिल्ली आने की खबर है. सूत्रों के मुताबिक यूबीटी के 9 में से 6 सांसद अलग गुट बनाएंगे. खबर है कि ये सांसद एकनाथ शिंदे की पार्टी में शामिल हो सकते हैं.

आज शिंदे से मुलाकात कर सकते हैं यूबीटा सांसद

सूत्रों की मानें तो आज (बुधवार, 17 जून) को उद्धव ठाकरे गुट के सांसद श्रीकांत शिंदे के आवास पर बैठक कर सकते हैं. खबर है कि इस बैठक में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहेंगे. बैठक के बाद सांसद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर सकते हैं. सूत्रों के मुताबिक 6 बागी सांसद अलग गुट बनाएंगे और इसके बाद शिवसेना (शिंदे गुट) में विलय करेंगे. माना जा रहा है कि 19 जून को शिवसेना के 60वें स्थापना दिवस से पहले एकनाथ शिंदे की तरफ से उद्धव ठाकरे को ये झटका दिया जाएगा. अगर ऐसा होता है तो उद्धव ठाकरे के लिए ये बड़ा झटका होगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.