‘कुमकुम भाग्य’ फेम एक्ट्रेस संचिता उगाले की मौत की खबर ने टेलीविज़न इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया है. कहा जा रहा है कि उन्होंने मुंबई स्थित अपने अपार्टमेंट में फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं अब दिवंगत संचिता के पिता, मच्छिंद्र उगले ने एक्ट्रेस की मौत से कुछ दिन पहले की उनकी मेंटल कंडीशन को लेकर खुलासा किया है कि वो काफी प्रेशर में थीं और उन्हें परेशान किया जा रहा था.
परेशान रहती थी संचिता उगाले
एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू के दौरान संचिता के पिता ने दावा किया कि वह ठीक दिखने के बावजूद भी अक्सर परेशान दिखाई देती थी. संचिका के पिता मच्छिन्द्र ने कहा, "परेशान तो वो रहती ही थी. उसने हमें वजह बताई नहीं, बस इतना ही, पर वो परेशान रहती थी. मतलब वो जब अच्छे मूड में होती थी, तब भी अचानक डिप्रेशन में चली जाती थी. ये बात हमारे ध्यान में आई थी, और इसिलिए हम उसके साथ रोज आना-जाना करते थे. बस उतना ही वक्त, समझो की आधा घंटा हम उसके साथ नहीं थे, वो हमारी गलती समझो लेकिन वो इतने डिप्रेशन में चली गई, ये हमें मालूम नहीं था कि वो ऐसा कदम उठाएगी.''
संचिता के पिता ने बेटी के लिए न्याय की मांग की
संचिता के पिता ने आगे कहा, “ बातचीत की थी, पर उसे टॉर्चर किया जा रहा था, उसे कोई ना कोई पैसों को लेकर या किसी बात को लेकर मांग करके, उसे टॉर्चर और हैमरिंग कर रही रहा था. किसी ना किसी मामले में ये हो ही रहा था. मतलब वो बात अब मेरे सामने साफ होगी ही, पर निश्चित रूप से ऐसा हो रहा था. प्रशासन से मांग बस एक ही है कि मेरी बेटी के साथ जो भी गलत हुआ है उसे न्याय मिलना चाहिए.
संचिता उगाले ने 14 जून को की सुसाइड
संचिता ने 'कुमकुम भाग्य' और 'वागले की दुनिया' जैसे टीवी शो में काम कर पहचान बनाई थी. न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि यह घटना 14 जून को शाम 7 बजे से 7:30 बजे के बीच नालासोपारा ईस्ट के अचोले गांव में साईं संतोषी बिल्डिंग में हुई. अधिकारियों ने बताया कि संचिता अपने बेडरूम में छत के पंखे से साड़ी के सहारे लटकी हुई मिली. कमरा अंदर से बंद था. परिवार वाले एक्ट्रेस को वसई-विरार म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
अचोले पुलिस स्टेशन के एपीआई विनोद बाग ने मीडियाकर्मियों को बताया कि 15 जून को, मृतका के पिता मचिंदा उगाले की शिकायत के आधार पर, अचोले पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु (एडीआर) का मामला दर्ज किया है. फिलहाल जांच जारी है.