Manika Batra: मनिका बत्रा ने PM मोदी से लगाई गुहार, एशियन गेम्स में सेलेक्ट ना होने पर उठाए सवाल
TV9 Bharatvarsh June 19, 2026 04:43 PM

Manika Batra: भारतीय टेबल टेनिस की स्टार खिलाड़ी मणिका बत्रा ने एशियन गेम्स 2026 के लिए घोषित महिला टीम से अपना सेलेक्शन ना होने पर गहरी निराशा जताई है. उन्होंने सेलेक्शन पर सवाल उठाते हुए स्पष्ट जवाब की मांग की है. मणिका को टीम में शामिल नहीं किया गया और उन्हें स्वस्तिका घोष के साथ रिजर्व खिलाड़ी के रूप में रखा गया है. उनका कहना है कि घरेलू टूर्नामेंट्स में गैरमौजूदगी के कारण वो टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) की नेशनल रैंकिंग में जगह नहीं बना पाईं, जिसका असर उनके चयन पर पड़ा.

मनिका बत्रा ने सेलेक्शन ना होने पर उठाए सवाल

वर्ल्ड रैंकिंग में मणिका भारत की नंबर दो महिला खिलाड़ी हैं और इंटरनेशनल टेबल टेनिस महासंघ (ITTF) की रैंकिंग में वे 51वें स्थान पर हैं. उनके ठीक ऊपर वर्ल्ड नंबर 45 पर देश की नंबर एक खिलाड़ी श्रीजा अकुला हैं. मणिका ने कहना है कि वर्ल्ड रैंकिंग में टॉप-50 से वो सिर्फ थोड़ा बाहर हैं और यह अंतर बहुत कम है. एक रैंकिंग साइकल में यह स्थिति बदल सकती है. अपने बयान में मणिका ने कहा कि चयन मानदंडों को कैसे लागू किया गया, इसकी कोई साफ जानकारी उन्हें नहीं दी गई. उन्होंने पिछले एशियन गेम्स के सेलेक्शन का हवाला देते हुए पूछा कि तब कुछ खिलाड़ियों को वर्ल्ड और नेशनल रैंकिंग में कमजोर स्थिति के बावजूद विशेष छूट दी गई थी, तो इस बार उनके साथ ऐसा क्यों नहीं हुआ.

I urge Honble Prime Minister @narendramodi ji, our Sports Minister @mansukhmandviya ji and @WeAreTeamIndia to look into the matter 🙏🙏🙏 pic.twitter.com/VuyaBvTyKT

— Manika Batra (@manikabatra_TT) June 19, 2026

मणिका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खेल मंत्री मनसुख मांडविया और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) से इस मामले में हस्तक्षेप करने और पूरी प्रक्रिया की जांच कराने की अपील की है. उन्होंने लिखित रूप में स्पष्टीकरण मांगा है जिसमें सेलेक्शन के आधार, वेटेज और दस्तावेजी सबूत शामिल हों. बता दें, मणिका बत्रा भारतीय टेबल टेनिस की स्टार खिलाड़ी हैं. उन्होंने भारत के लिए कई मेडल जीते हैं.

TTFI ने बताई सेलेक्शन ना होने की वजह

दूसरी ओर, TTFI ने सेलेक्शन की जानकारी देते हुए कहा है कि 2023 की नीति के मुताबिक नेशनल रैंकिंग को 50 प्रतिशत, वर्ल्ड रैंकिंग को 40 प्रतिशत और चयन समिति के विवेक को 10 प्रतिशत वेटेज दिया जाता है. फेडरेशन का दावा है कि बेस्ट और लगातार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी गई. जिसके चलते मणिका बत्रा को टीम में नहीं चुना गया है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.