गर्मियों की छुट्टियों में जम्मू-कश्मीर और माता वैष्णो देवी दर्शन के लिए जाने वाले यात्रियों के लिए बड़े ही काम की खबर है. तीर्थयात्रा सीजन के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है. उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने जम्मू और कटड़ा से दिल्ली जाने वाली 3 प्रमुख ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ने का ऐलान किया है. इससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट का दबाव कम होगा.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 04082 में 30 जून से 4 अगस्त तक एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ा जाएगा. वहीं जम्मू से नई दिल्ली जाने वाली लोकप्रिय जम्मू राजधानी एक्सप्रेस (12426) में 27 जून से 3 अगस्त तक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ा जाएगा.
अतिरिक्त कोच में कितनी होंगी सीटें?इसके अलावा ऊधमपुर से दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच चलने वाली शहीद कैप्टन तुषार महाजन एक्सप्रेस (22402) में 21 जून से 23 जून तक एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाया जाएगा. रेलवे के अनुसार, प्रत्येक अतिरिक्त कोच में लगभग 72 सीटें उपलब्ध होंगी, जिससे सैकड़ों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.
क्यों लिया गया यह फैसला?गर्मी के मौसम में स्कूलों की छुट्टियों और माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण इन ट्रेनों में टिकटों की मांग लगातार बढ़ रही है. ऐसे में अतिरिक्त कोच जोड़ने से यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और माता वैष्णो देवी के दर्शन करना आसान होगा.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. अतिरिक्त कोचों के संचालन से वेटिंग लिस्ट का दबाव कम होगा और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी.
ये भी पढ़ें – हैवान पति! पत्नी का सिर मुंडवाया, चेहरे पर पोती कालिख, कपड़े फाड़े