जर्मन लग्जरी स्पोर्ट्स कार निर्माता Porsche ने भारत में अपनी नई 911 GT3 लॉन्च कर दी है. यह कार उन लोगों के लिए बनाई गई है जो रफ्तार, परफॉर्मेंस और रेसिंग का एक्सपीरियंस चाहते हैं. नई Porsche 911 GT3 की एक्स-शोरूम कीमत करीब 3.33 करोड़ रुपये रखी गई है. अपने दमदार इंजन, शानदार डिजाइन और ट्रैक-फोकस्ड तकनीक की वजह से यह कार दुनिया की सबसे पॉपुलर स्पोर्ट्स कारों में गिनी जाती है.
नई Porsche 911 GT3 में 4.0-लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड फ्लैट-सिक्स पेट्रोल इंजन दिया गया है. यह इंजन लगभग 510 हॉर्सपावर की पावर और 450Nm का टॉर्क पैदा करता है. भारत में यह मॉडल केवल 7-स्पीड PDK ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ दिया गया है.
परफॉर्मेंस की बात करें तो यह सुपरकार महज 3.4 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की स्पीड पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड 311 किमी प्रति घंटा तक है, जो इसे भारतीय बाजार में मौजूद सबसे तेज कारों में से एक बनाती है. इतनी तेज रफ्तार के बावजूद कार को बेहतरीन कंट्रोल देने के लिए इसमें रियर-व्हील स्टीयरिंग, एक्टिव स्पोर्ट्स सस्पेंशन और टॉर्क वेक्टरिंग जैसी तकनीकें दी गई हैं.
डिजाइन की बात करें तो नई GT3 को पहले से ज्यादा एग्रेसिव और स्पोर्टी बनाया गया है. इसके फ्रंट में बड़े एयर इनटेक, नया बंपर और एयरोडायनामिक एलिमेंट्स दिए गए हैं, जो हाई-स्पीड पर बेहतर प्रदर्शन में मदद करते हैं.कार के पीछे बड़ा रियर विंग, डकटेल स्पॉइलर और सेंटर-माउंटेड डुअल एग्जॉस्ट इसे रेस कार जैसा लुक देते हैं. 20-इंच फ्रंट और 21-इंच रियर अलॉय व्हील्स इसकी स्पोर्टी पहचान को और मजबूत बनाते हैं.
केबिन के अंदर भी Porsche ने ड्राइवर-केंद्रित डिजाइन पर खास ध्यान दिया है. इसमें स्पोर्टी सीटें, प्रीमियम फिनिश, डिजिटल डिस्प्ले और Porsche का Sport Chrono पैकेज स्टैंडर्ड रूप से दिया गया है. हालांकि यह एक लग्जरी स्पोर्ट्स कार है, लेकिन इसका मुख्य फोकस आराम से ज्यादा ड्राइविंग एक्सपीरियंस और परफॉर्मेंस पर रखा गया है.
कंपनी ग्राहकों को परफॉर्मेंस पैकेज का ऑप्शन भी दे रही है. इसमें Weissach Package शामिल है, जो कार का वजन कम करने और प्रदर्शन बढ़ाने के लिए कार्बन फाइबर के कई हिस्सों का इस्तेमाल करता है. इसके अलावा Manthey Performance Kit भी मौजूद है, जो ट्रैक पर कार की क्षमता को और बेहतर बनाता है.
यह भी पढ़़ें:-
अगर डीजल कार में एथेनॉल फ्यूल चला जाए तो क्या खराब हो जाएगा इंजन? जानिए जरूरी डिटेल्स