Messi ने जिस बच्चे को अपनी गोद में खिलाया, उसने उन्हीं के अंदाज में FIFA World Cup में दागा अपना पहला गोल
TV9 Bharatvarsh June 22, 2026 03:43 PM

Messi- Lamine Yamal: फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत ड्रॉ से करने वाले स्पेन ने अपने दूसरे मुकाबले में सऊदी अरब को 4-0 से रौंद दिया. स्पेन की इस जीत में पहला गोल लैमिन यमाल ने दागा. 10वें नंबर की जर्सी वाले यमाल ने अपना गोल भी मैच के 10वें मिनट में किया. लैमिन यमाल को लियोनेल मेसी अपनी गोद में खिला चुके हैं और अब उन्होंने जो गोल दागा , वो भी फीफा वर्ल्ड कप में मेसी के दागे पहले गोल जैसा रहा. दोनों गोलों में काफी समानताएं रहीं.

जब मेसी के लैमिन यमाल को गोद में उठाया

मेसी ने 2006 में अपना पहला फीफा वर्ल्ड कप खेला था. उस वक्त 18 साल के मेसी इस तेज-तर्रार खेल के एक बड़े सितारे के तौर पर उभर रहे थे. एक साल बाद 2007 में उन्होंने UNICEF का एक प्रोग्राम अटेंड किया, जहां उन्हें एक 6 महीने के बच्चे के साथ फोटो शूट करने कहा गया. वो बच्चा लैमिन यमाल था. मेसी उस बच्चे को अपनी गोद में उठाकर ना सिर्फ खेलते दिखे बल्कि उसके साथ शूट भी कराया. उस वक्त कोई नहीं जानता था कि वो बच्चा भी एक दिन वर्ल्ड फुटबॉल के सीने पर छाएगा. उस फोटो को भी 17 साल तक प्राइवेट रखा गया. उन 17 सालों में मेसी वर्ल्ड फुटबॉल के बड़े सितारे बने और लैमिन यमाल बार्सिलोना की एकेडमी में खुद को निखारते दिखे.

मेसी का आखिरी वर्ल्ड कप, यमाल का पहला वर्ल्ड कप

लैमिन यमाल ने 16 साल की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू किया. उन्होंने स्पेन को EURO 2024 का खिताब जीतने में मदद की. 2024 में ही लैमिन यमाल को गोद में खिलाते मेसी की फोटो का पहली बार खुलासा हुआ, जिसका कैप्शन दिया गया- द बिगनिंग ऑफ टू लेजेंड्स. अब 2026 में मेसी संभवत: अपना आखिरी फीफा वर्ल्ड कप खेल रहे हैं, जो कि लैमिन यमाल का पहला वर्ल्ड कप है.

FIFA WC में मेसी और यमाल के पहले गोल के बीच समानताएं

लैमिन यमाल ने सऊदी अरब के गोल पोस्ट पर स्पेन के लिए जो पहला गोल किया, वो फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में उनका पहला गोल रहा. फीफा वर्ल्ड कप में मेसी के दागे पहले गोल और लैमिन यमाल के गोल में 2 समानानताएं हैं. पहली दोनों ने अपना-अपना पहला गोल लगभग एक उम्र में किया. मेसी ने जब पहला गोल फीफा वर्ल्ड कप में दागा था तो उनकी उम्र 18 साल 357 दिन की थी. लैमिन यमाल उनके 14 दिन छोटे रहे. उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप में अपना पहला गोल 18 साल और 343 दिन में दागा.

मेसी और यमाल के फीफा वर्ल्ड कप में पहले गोल के बीच दूसरी समानता राइट फूट की रही. मेसी आम तौर पर लेफ्ट फूट वाले खिलाड़ी हैं. मगर फीफा वर्ल्ड कप में उन्होंने अपना गोल दाएं पैर से दागा था, ठीक वैसे ही जैसे सऊदी अरब के खिलाफ लैमिन यमाल ने दागा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.