6 महीने और 238 घंटे बात…. सिया और चेतन की प्रेम कहानी का पुलिस ने पेश किया सबूत; केतन हत्याकांड में अब तक क्या-क्या हुआ?
TV9 Bharatvarsh June 24, 2026 11:42 PM

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. जिस मौत को पहले हादसा माना गया था, वह अब एक कथित प्रेम प्रसंग, साजिश और सुनियोजित कोल्ड ब्लडेड हत्या का मामला बन चुका है. पुलिस के मुताबिक, केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया. दोनों आरोपियों को पुणे की वडगांव मावल कोर्ट ने 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

18 जून को पुणे जिले के लोणावला स्थित लोहागढ़ किले पर 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की 400 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई थी. शुरुआत में इसे दुर्घटना माना गया था, लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस को कई ऐसे सबूत मिले, जिन्होंने पूरे मामले की दिशा बदल दी. पुलिस के अनुसार, केतन अग्रवाल की शादी पुणे के मार्केट यार्ड क्षेत्र के एक कारोबारी परिवार की बेटी सिया गोयल से तय हुई थी.

शादी की तैयारियों में जुटे थे परिवार वाले

दोनों परिवार वाले शादी की तैयारियों में जुटे थे. जयपुर में भव्य शादी की योजना बनाई गई थी और इसके लिए विशेष विमान तक बुक किए गए थे. इस शादी के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए जाने थे. शॉपिंग शुरू थी,ज्वेलरी दुल्हन और दूल्हे के फाइनल किए जा चुके थे. जांच में सामने आया किसिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध थे. पुलिस का दावा है कि दोनों के बीच छह महीने में 2000 से अधिक फोन कॉल और करीब 238 घंटे बातचीत हुई.

प्लानिंग के तहत केतन की हत्या

जांच एजेंसियों के मुताबिक, सिया शादी नहीं करना चाहती थी और इसी वजह से उसने अपने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कथित तौर पर 14 जून को भी केतन को मारने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह प्रयास सफल नहीं हो पाया. इसके बाद 18 जून को सिया ने केतन को घूमने के बहाने लोहागढ़ किले पर बुलाया. पुलिस का आरोप है कि पहले से तय योजना के तहत चेतन चौधरी भी वहां मौजूद था.

CCTV फुटेज से हुआ बड़ा खुलासा

सीसीटीवी फुटेज में एक युवक हुडी, फेस मास्क और कान ढकने वाले उपकरण पहनकर किले पर जाते हुए दिखाई दिया. जांच के दौरान उसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई. पुलिस का दावा है कि किले पर एक सुनसान और खतरनाक स्थान चुना गया था, जहां से केतन को खाई में धक्का दिया गया. जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है. पुलिस के अनुसार, सिया गोयल केतन के साथ विदेश यात्रा पर नहीं जाना चाहती थी.

जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासे

जांचकर्ताओं का दावा है कि जून महीने में बाली ट्रिप से पहले उसने कथित तौर पर केतन का पासपोर्ट फाड़कर फ्लश कर दिया था, ताकि यात्रा रद्द हो जाए. पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि वारदात से पहले सिया और चेतन ने एक कैफे में मुलाकात की थी. जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि क्या दोनों ने इंटरनेट और गूगल के जरिए हत्या की योजना से जुड़ी जानकारी जुटाई थी. सोमवार को दोनों आरोपियों को वडगांव मावल कोर्ट में पेश किया गया.

बचाव पक्ष के वकील ने अदालत में दावा किया कि यह हत्या नहीं बल्कि एक दुर्घटना थी और केतन की मौत पैर फिसलने के कारण हुई. हालांकि, पुलिस ने अदालत के सामने तकनीकी सबूत, कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य जांच सामग्री पेश की. इसके बाद कोर्ट ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया. पुलिस जांच में सामने आया है कि चेतन चौधरी पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में कारोबार करता है.

एक अच्छा क्रिकेट खिलाड़ी बना हत्यारा

वह कॉलेज की पढ़ाई पूरी नहीं कर पाया, लेकिन स्थानीय स्तर पर एक अच्छा क्रिकेट खिलाड़ी माना जाता है. उसके घर में क्रिकेट की कई ट्रॉफियां भी मौजूद हैं. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस कथित हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई तथा इसमें कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं. एक तरफ शादी की तैयारियां, दूसरी तरफ कथित प्रेम संबंध और फिर हत्या की साजिश.

पुणे का केतन अग्रवाल हत्याकांड अब महाराष्ट्र के सबसे चर्चित मामलों में शामिल हो गया है. पुलिस जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस केस में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.