वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई का तूफान जारी, फिर ठोका विस्फोटक शतक, जानिए कितने चौके-छक्के उड़ाए?
TV9 Bharatvarsh June 24, 2026 11:42 PM

क्रिकेट की दुनिया को इंतजार है कि कब 15 साल के वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया की नीली जर्सी पहनकर अपना इंटरनेशनल डेब्यू करेंगे. उम्मीद है कि 27 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ टी20 मैच में ये इंतजार खत्म हो जाएगा. मगर जहां क्रिकेट फैंस वैभव की राह देख रहे हैं तो वहीं उनके घर में ही छोटा भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी भी तैयार हो रहा है और लोकल लेवल पर अपने बल्ले का कहर बरपा रहा है. एक स्थानीय टूर्नामेंट में 10 साल के आशीर्वाद ने सिर्फ 119 गेंदों में 168 रन की धमाकेदार पारी खेलकर अपनी टीम को बड़ी जीत दिलाई.

लगातार दूसरी बार ठोका शतक

बिहार के समस्तीपुर जिले में वैभव के गांव ताजपुर में खेले गए स्थानीय मुकाबले में आशीर्वाद सूर्यवंशी अपनी टीम ऋषभ-11 (समस्तीपुर) की ओर से मैदान पर उतरे. बड़े भाई वैभवकी ही तरह आशीर्वाद ने भी टीम के लिए ओपनिंग की और रोशन-11 (वैशाली) के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी. आशीर्वाद ने सिर्फ 119 गेंदों का सामना किया और वैभव की तरह चौके-छक्के उड़ाते हुए ताबड़तोड़ 168 रन कूट दिए. अपनी पारी में सबसे छोटे सूर्यवंशी ने 19 चौके और 6 छक्के ठोके और अपनी टीम को जीत भी दिलाई.

वैभव ने भी अपने भाई के इस कमाल की जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की. वैसे ये कोई पहला मौका नहीं है जब तीन भाईयों में सबसे छोटे आशीर्वाद ने अपने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया है. कुछ ही दिनों पहले उन्होंने ऐसे ही एक स्थानीय मैच में भी शतक लगाया था. तब इस बल्लेबाज ने 87 गेंदों में 103 रन बनाए थे. उस मैच में भी उनकी टीम जीती थी. इन दोनों भाईयों के पिता पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि वैभव को तो उन्होंने हाई लेवल पर पहुंचा दिया और अब अगले 2 साल में छोटे बेटे आशीर्वाद को भी वो IPL के लिए तैयार कर देंगे.

आयरलैंड पहुंचे वैभव

जहां तक वैभव सूर्यवंशी की बात है तो वो टीम इंडिया के साथ आयरलैंड पहुंच चुके हैं, जहां वो 2 टी20 मैच की सीरीज का हिस्सा हैं और फिर वहीं से इंग्लैंड में 5 टी20 मैच की सीरीज में भी मौजूद रहेंगे. हाल ही में वैभव ने श्रीलंका-ए दौरे पर इंडिया-ए का प्रतिनिधित्व किया था. तीन देशों की इस वनडे सीरीज में वैभव शुरुआती मुकाबलों में कोई खास बड़ा कमाल नहीं कर पाए थे लेकिन फाइनल में उनकी 29 गेंदों में 94 रन की हाहाकारी पारी ने टीम को खिताब जिताया था.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.