इंदौर में दबंगों का तांडव: 500 करोड़ की जमीन को लेकर बवाल, पुलिस टीम पर हमला, जवान को 16 टांके आए
TV9 Bharatvarsh June 25, 2026 12:43 PM

Indore land dispute: मध्य प्रदेश के इंदौर में 500 करोड़ रुपये की जमीन को लेकर जमकर बवाल हुआ. कनाड़िया थाना क्षेत्र की डायमंड कॉलोनी में कब्जे को लेकर हुए विवाद की सूचना पर पहुंची डायल-112 की पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया. आरोप है कि बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर लाठी और ईंटों से हमला किया, जिसमें दो जवान घायल हो गए. इनमें एक पुलिसकर्मी के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसके सिर पर 16 टांके लगाए गए.

घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तलब की है. वहीं आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

कनाड़िया थाना क्षेत्र की डायमंड कॉलोनी में रविवार देर रात जमीन कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. विवाद की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची थी. पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम के साथ ही अभद्रता शुरू कर दी.

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया. हमले में कांस्टेबल विजय सिकरवार और आशीष शर्मा घायल हो गए. दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया. बताया जा रहा है कि जमीन की कीमत करोड़ों रुपये में है और इसी जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था.

क्या है विवाद?

पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस जमीन को लेकर विवाद हुआ, उसे लेकर कई वर्षों से खींचतान जारी थी. आरोप है कि एक पक्ष की ओर से मोहसिन नाम के व्यक्ति ने कुछ लोगों को जमीन की निगरानी के लिए बैठा रखा था. जब दूसरे पक्ष को इसकी जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया.

इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन विवाद शांत कराने गई टीम खुद हमले का शिकार हो गई. आरोप है कि मोहसिन सहित अन्य लोगों ने पुलिसकर्मी आशीष और विजय पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया.

क्या बोले अधिकारी?

इस मामले में एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह का कहना है कि शुरुआती जांच में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं. बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों पर हमला होने के बावजूद एफआईआर दर्ज करने में दो दिन का समय लग गया. गंभीर चोट लगने के बाद मामला आगे बढ़ा और अब पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.

फिलहाल इस जमीन विवाद में हमला करने वाले आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.