एनसीआर में मानसून की रफ्तार धीमी, जुलाई के पहले सप्ताह में दिल्ली पहुंचने की संभावना; हल्की बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत
Indias News Hindi June 26, 2026 01:43 PM

New Delhi, 26 जून . राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने वाली है, लेकिन मानसून के इंतजार को अभी कुछ और दिन बढ़ना पड़ सकता है. India मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, पहले जहां 27 जून तक दिल्ली में मानसून के प्रवेश की संभावना जताई गई थी, वहीं अब इसके जुलाई के पहले सप्ताह में दिल्ली-एनसीआर पहुंचने की उम्मीद है.

हालांकि इस दौरान प्री-मानसून गतिविधियां लगातार बनी रहेंगी, जिससे हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज सतही हवाओं के कारण तापमान में राहत महसूस होगी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कई दिनों तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और बीच-बीच में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इससे लोगों को लू और उमस से राहत मिलेगी.

मौसम विभाग ने फिलहाल किसी भी दिन के लिए कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है. 26 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. 27 जून को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान लगाया है.

28 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. इस दिन दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी. 29 जून को अधिकतम तापमान घटकर 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है. 30 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश होने के संकेत हैं.

1 जुलाई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की गई है, जो मानसून के दिल्ली-एनसीआर के और करीब आने का संकेत माना जा रहा है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून की रफ्तार फिलहाल सामान्य से कुछ धीमी है, जिसके चलते दिल्ली-एनसीआर में इसके आगमन में हल्की देरी हो रही है.

हालांकि प्री-मानसून गतिविधियों के चलते अगले कुछ दिनों तक हल्की बूंदाबांदी, बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा. इससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज होने की संभावना है.

पीकेटी/पीएम

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.