भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में तगड़ा उछाल, बढ़कर 672.59 बिलियन डॉलर हुआ फॉरेक्स रिजर्व
TV9 Bharatvarsh June 26, 2026 10:43 PM

भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में तगड़ा उछाल आया है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 19 जून को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserves) 963 मिलियन डॉलर बढ़कर 672.587 बिलियन डॉलर हो गया है. इससे पहले वाले सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 9.985 बिलियन डॉलर घटकर 671.625 बिलियन डॉलर पर आ गया था. अब नए आंकड़ों से पता चलता है कि भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में फिर से बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

हालांकि, विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा फॉरेन करेंसी असेट्स इस दौरान 3.072 अरब डॉलर घटकर 541.217 अरब डॉलर रह गईं. RBI ने बताया कि विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों की डॉलर में कीमत कई विदेशी मुद्राओं जैसे यूरो, पाउंड और येन की कीमत बढ़ने या घटने से भी प्रभावित होती है. इसलिए इनमें बदलाव केवल डॉलर की खरीद या बिक्री की वजह से नहीं होता. इस सप्ताह सबसे बड़ी बढ़ोतरी सोने के भंडार में देखने को मिली. देश के गोल्ड रिजर्व की कीमत 4.110 अरब डॉलर बढ़कर 107.930 अरब डॉलर हो गई. यही बढ़ोतरी कुल विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ने का सबसे बड़ा कारण रही. वहीं, स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (SDRs) का मूल्य 52 मिलियन डॉलर घटकर 18.647 बिलियन डॉलर रह गया.

आरबीआई के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 5.2 करोड़ डॉलर घटकर 18.647 अरब डॉलर रहा. केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत की आरक्षित कोष भी 2.2 करोड़ डॉलर घटकर 4.79 अरब डॉलर रहा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.