Strawberry Moon: क्या है स्ट्रॉबेरी मून की कहानी, 29 जून को वट पूर्णिमा पर दिखेगा आसमान में गजब नजारा?
TV9 Bharatvarsh June 27, 2026 01:43 PM

Vat Purnima 2026: द्रिक पंचांग के अनुसार, 29 जून 2026 को ज्येष्ठ पूर्णिमा के साथ ही वट पूर्णिमा का पावन पर्व मनाया जाएगा. इस दिन धार्मिक महत्व के साथ-साथ खगोल विज्ञान के नजरिए से भी एक खास घटना देखने को मिलेगी. 29 जून की रात आसमान में ‘स्ट्रॉबेरी मून’ दिखाई देगा. हर साल जून महीने की पूर्णिमा को इसी नाम से जाना जाता है. हालांकि, नाम सुनकर कई लोगों को लगता है कि चांद का रंग स्ट्रॉबेरी की तरह लाल या गुलाबी होगा, लेकिन इसकी असली कहानी कुछ और ही है. आइए जानते हैं.

क्या होता है स्ट्रॉबेरी मून?

स्ट्रॉबेरी मून जून महीने में पड़ने वाली पूर्णिमा का पारंपरिक नाम है. यह नाम किसी वैज्ञानिक कारण से नहीं, बल्कि उत्तरी अमेरिका की प्राचीन जनजातियों की परंपरा से जुड़ा हुआ है. वहां जून के महीने में जंगली स्ट्रॉबेरी पकने लगती थी. इसी वजह से उस समय दिखाई देने वाली पूर्णिमा को स्ट्रॉबेरी मून कहा जाने लगा. समय के साथ यह नाम पूरी दुनिया में लोकप्रिय हो गया और अब जून की पूर्णिमा को इसी नाम से जाना जाता है.

क्या सच में गुलाबी या लाल दिखता है चांद?

अक्सर लोग सोचते हैं कि स्ट्रॉबेरी मून का मतलब गुलाबी रंग का चांद होता है, लेकिन ऐसा नहीं है. सामान्य परिस्थितियों में चांद का रंग सफेद या हल्का सुनहरा ही दिखाई देता है. हालांकि, जब चंद्रमा क्षितिज के करीब होता है, तब पृथ्वी के वातावरण में मौजूद धूल, नमी और अन्य कणों की वजह से उसका रंग हल्का पीला, नारंगी या लालिमा लिए हुए दिखाई दे सकता है. यह पूरी तरह प्राकृतिक प्रकाशीय प्रभाव होता है.

इस बार क्यों रहेगा खास?

29 जून 2026 की पूर्णिमा कई लोगों के लिए खास रहने वाली है. खगोलविदों के अनुसार, इस दौरान चंद्रमा क्षितिज के काफी करीब नजर आएगा. इसी कारण वह सामान्य दिनों की तुलना में बड़ा और ज्यादा चमकदार महसूस हो सकता है. हालांकि, यह वास्तविक आकार में बड़ा नहीं होता, बल्कि इसे मून इल्यूजन कहा जाता है. जब चांद क्षितिज के पास होता है, तो आसपास मौजूद पेड़, इमारतें और बाकी चीजें उसे हमारी आंखों को अधिक विशाल दिखाती हैं.

कब और कैसे देखें स्ट्रॉबेरी मून?

अगर मौसम साफ रहा तो 29 जून की शाम सूर्यास्त के बाद पूर्व दिशा में चंद्रमा का सुंदर नजारा देखा जा सकेगा. जैसे-जैसे रात बढ़ेगी, चांद आसमान में ऊपर की ओर बढ़ता जाएगा और पूरी रात अपनी चमक बिखेरता रहेगा. खुले मैदान, छत या किसी ऊंची जगह से इसका नजारा और भी आकर्षक लग सकता है.

वट पूर्णिमा और पूर्णिमा का खास संयोग

इस वर्ष वट पूर्णिमा और जून की पूर्णिमा एक ही दिन पड़ रही है. वट पूर्णिमा का व्रत विशेष रूप से विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए रखती हैं. इस दिन वट यानी बरगद के पेड़ की पूजा की जाती है और उसकी परिक्रमा कर रक्षा सूत्र बांधा जाता है. इसके साथ ही स्ट्रॉबेरी मून का यह दुर्लभ संयोग लोगों के लिए इस दिन को और भी खास बना देगा.

ये भी पढ़ें:Budh Ast From June 30: वृषभ-सिंह सहित इन 5 राशि वालों का चमकेगा सौभाग्य, बुध का अस्त कराएगा लाभ

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.