B.Pharm कर रहे हैं? इन सरकारी स्कॉलरशिप के लिए जरूर करें आवेदन
रजनी उपाध्याय June 28, 2026 11:12 PM

अगर आप बी.फार्म की पढ़ाई करना चाहते हैं और पैसों की तंगी आपको एडमिशन लेने से रोक रही है तो आपके लिए ये खबर है. दरअसल, सरकार की तरफ से अलग-अलग कई स्कॉलरशिप चलाई जाती हैं. जिनकी मदद से स्टूडेंट्स अपनी पढ़ाई पूरी कर सकते हैं. आइए जानते हैं डिटेल्स...

सबसे पहले बात करें केंद्र सरकार की स्कॉलरशिप की. इसके लिए छात्रों को नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के जरिए आवेदन करना होता है. इस पोर्टल पर अलग-अलग वर्गों के छात्रों के लिए कई योजनाएं उपलब्ध हैं. इनमें अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों के लिए पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप सबसे प्रमुख है. इस योजना के तहत छात्रों की ट्यूशन फीस के साथ-साथ पढ़ाई के लिए मेंटेनेंस अलाउंस भी दिया जाता है. इसके लिए परिवार की वार्षिक आय निर्धारित सीमा के अंदर होनी चाहिए.

देश के पूर्व सैनिकों और तटरक्षक बल के जवानों के बच्चों के लिए प्रधानमंत्री स्कॉलरशिप स्कीम (PMSS) भी चलाई जाती है. इस योजना के तहत योग्य छात्रों को हर साल 25 हजार से 30 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलती है. अगर आपने 12वीं में अच्छा प्रदर्शन किया है तो सेंट्रल सेक्टर स्कॉलरशिप का लाभ भी मिल सकता है. इस योजना में 12वीं बोर्ड परीक्षा में 80 पर्सेंटाइल या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले मेधावी छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है.

बड़े काम की हैं ये स्कीम
छात्राओं के लिए AICTE की प्रगति स्कॉलरशिप काफी मददगार है. इस योजना के तहत एक परिवार की अधिकतम दो छात्राओं को हर साल 50 हजार रुपये तक की सहायता मिलती है. यह राशि ट्यूशन फीस और पढ़ाई से जुड़े अन्य खर्चों के लिए दी जाती है. वहीं दिव्यांग छात्रों के लिए AICTE सक्षम स्कॉलरशिप चलाई जाती है. इसके तहत भी पात्र छात्रों को हर साल 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, ताकि वे बिना आर्थिक परेशानी के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें.

यूपी में भी है खास स्कॉलरशिप

अगर आप उत्तर प्रदेश के निवासी हैं या राज्य के किसी कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं, तो यूपी स्कॉलरशिप पोर्टल के जरिए भी आवेदन कर सकते हैं. राज्य सरकार आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के छात्रों को फीस में राहत और छात्रवृत्ति का लाभ देती है.

ये हैं जरूरी डाक्यूमेंट्स

स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करते समय कुछ जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखना बेहतर रहेगा. इनमें आधार कार्ड, परिवार का आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, कॉलेज की फीस रसीद और आधार से लिंक बैंक खाते की पासबुक शामिल हैं. अधिकतर योजनाओं में छात्रवृत्ति की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.