Mark Zuckerberg New Business Idea: सोशल मीडिया पर इन दिनों मेटा के सीईओ (CEO) मार्क जुकरबर्ग (Mark Zuckerberg) के नए बिजनेस प्लान की खूब चर्चा हो रही है. दरअसल, जुकरबर्ग ने अपने हालिया एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है, ''मैंने काउई (Kauai) में कोआला रेंच पर मवेशी पालना शुरू किया है और मेरा प्लान दुनिया का सबसे अच्छी क्वालिटी का बीफ तैयार करना है. मैं वाग्यू (Wagyu) और एंगस (Angus) नस्ल के मवेशी पाल रहा हूं, जिन्हें मैकाडामिया मील और यहीं रेंच पर बनी बीयर खिलाई जाएगी.''
मार्क जुकरबर्ग का यह रेंच अमेरिका के हवाई राज्य के काउई द्वीप पर स्थित है, जो 1500 एकड़ की जमीन पर फैला हुआ है. जुकरबर्ग का लक्ष्य अपने इसी रेंच में दुनिया में सबसे बेहतरीन क्वॉलिटी का बीफ तैयार करना है. इसके लिए जुकरबर्ग वाग्यू (Wagyu) और एंगस (Angus) नस्ल की गायों को भी पाल रहे हैं.
फोर्ब्स के अनुसार, मार्क जुकरबर्ग ने 2014 में हवाई के काउई द्वीप पर जमीन खरीदी थी, जिसकी कीमत 100 मिलियन डॉलर से भी ज्यादा थी. अपने नए बिजनेस की तैयारियों को लेकर जुकरबर्ग ने आगे बताया कि उनकी बेटियां मैकाडामिया के पेड़ लगा रही हैं. उनकी योजना मवेशियों के लिए चारा उगाने के लिए बड़े इलाकों में खेती करने का भी है. मार्क कहते हैं कि हर मवेशी साल में 2.3 से 4.5 टन तक चारा खाता है.
मार्क जुकरबर्ग ने यह भी बताया कि मैकाडामिया नट्स देने के अलावा वह रेंच पर मवेशियां को बीयर (Beer) भी पिलाते हैं. उनका मानना है कि बीयर पिलाने से गायों की भूख बढ़ती है और चारे का अधिक सेवन करती हैं. इससे बीफ की क्वॉलिटी बेहतर होती है.
हालांकि, आपको बता दें कि गायों को बीय पिलाने का यह तरीका कोई नया नहीं है. जापान में दुनिया का सबसे महंगा 'कोबे बीफ' तैयार करने के लिए वाग्यू बायों को सर्दियों में भूख बढ़ाने के लिए बीयर पिलाई जाती है और उनका ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाने के लिए मालिश भी की जाती है.