बिहार में कई IPS अधिकारियों का तबादला, सुधांशु कुमार को ADG यातायात की मिली जिम्मेदारी
Navjivan Hindi July 01, 2026 05:42 PM

बिहार में कई भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों को तबादला किया गया है। बिहार सरकार के गृह विभाग ने बुधवार को भारतीय पुलिस सेवा के 12 अधिकारियों के तबादले एवं नई पदस्थापन से संबंधित अधिसूचना जारी की। इस फेरबदल में एडीजी, आईजी और एसपी स्तर के अधिकारियों के साथ युवा आईपीएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। 

जारी आदेश के अनुसार, 1991 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा को बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के महानिदेशक-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक के पद से स्थानांतरित कर गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं, बिहार का महानिदेशक-सह-महासमादेष्टा बनाया गया है।

इसी तरह आईपीएस अधिकारी निर्मल कुमार आजाद को पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक, मद्यनिषेध एवं राज्य उत्पाद नियंत्रण ब्यूरो का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि पंकज कुमार दराद को आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) के अपर पुलिस महानिदेशक के पद से हटाकर बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम का अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

सुधांशु कुमार (1996 बैच) को अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) से हटाकर अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) की जिम्मेदारी सौंपी गई है और उन्हें विशेष निगरानी इकाई का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इसके अलावा अमित राज को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई से स्थानांतरित कर एटीएस का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।

इसी बैच की कासे सुहिता अनुपम को विधि-व्यवस्था का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है, जबकि वे अपराध अनुसंधान विभाग में कमजोर वर्ग के एडीजी का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगी।

राजेश कुमार को बिहार मानवाधिकार आयोग से बदलकर पुलिस महानिरीक्षक, एससीआरबी बनाया गया है। वहीं 2006 बैच के पंकज कुमार राज को एससीआरबी से स्थानांतरित कर रेलवे का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि एस. प्रेमलथा को मद्यनिषेध एवं राज्य उत्पाद नियंत्रण ब्यूरो से बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।

इसके अलावा, 2022 बैच की आईपीएस अधिकारी गरिमा को कहलगांव (भागलपुर) के एसडीपीओ पद से स्थानांतरित कर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9, जमालपुर का समादेष्टा बनाया गया है, तथा शिवम धाकड़ को दानापुर के एसडीपीओ-1 से मधुबनी का ग्रामीण पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

वहीं, 2023 बैच की कोमल मीणा को मसौढ़ी के एसडीपीओ-1 से पटना (विधि-व्यवस्था) की एसडीपीओ-2 बनाया गया है।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.