भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने अपने क्रिकेट करियर को नई दिशा देने के लिए बड़ा फैसला लिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने मुंबई छोड़कर बेंगलुरु को अपना नया ठिकाना बना लिया है. अब जब भी वह भारतीय टीम, आईपीएल या घरेलू क्रिकेट में व्यस्त नहीं होंगे, तब उनकी ट्रेनिंग बीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में होगी. रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के पास बेंगलुरु के बाहरी इलाके में एक घर किराये पर लिया है. वह भारतीय क्रिकेट के पहले सक्रिय खिलाड़ी बनेंगे, जिन्होंने अपने करियर के बाकी समय के लिए COE को स्थायी ट्रेनिंग बेस बनाने का फैसला किया है.
COE में करेंगे नियमित ट्रेनिंग
अब तक भारतीय खिलाड़ी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का इस्तेमाल मुख्य रूप से चोट से उबरने, फिटनेस टेस्ट और राष्ट्रीय शिविर के दौरान करते रहे हैं. हालांकि, हार्दिक ने यहां नियमित रूप से ट्रेनिंग करने का फैसला लिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, उनका लक्ष्य अगले पांच-छह साल तक भारत के लिए व्हाइट-बॉल क्रिकेट खेलना है. बीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, 'हार्दिक पहले ही स्थायी रूप से बेंगलुरु शिफ्ट हो चुके हैं. उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के पास शहर के बाहरी इलाके में एक घर किराये पर लिया है. अपने करियर के बाकी समय के लिए सीओई को स्थायी ट्रेनिंग बेस बनाने वाले वह पहले भारतीय क्रिकेटर होंगे.'
खुद उठाएंगे ट्रेनिंग का खर्च
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि हार्दिक अपनी तैयारी के लिए निजी फिजियोथेरेपिस्ट और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच रखेंगे. इसके अलावा नेट्स में अभ्यास के दौरान सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले गेंदबाजों का खर्च भी वह खुद उठाएंगे.
चोट से उबर रहे हैं हार्दिक
हार्दिक इस समय क्वाड्रिसेप्स की चोट से उबर रहे हैं. इसी वजह से वह इंग्लैंड दौरे से बाहर हैं और उनकी रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया जारी है. निजी काम के लिए कुछ दिनों का ब्रेक लेने के बाद वह एक-दो दिन में फिर से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस लौट सकते हैं. फिलहाल यह साफ नहीं है कि फिटनेस हासिल करने के बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए उनका चयन होगा या नहीं. इस पर अंतिम फैसला उनके रिटर्न-टू-प्ले प्रोटोकॉल पूरा करने के बाद ही लिया जाएगा.