टी20 में लगी 73 बाउंड्री, विश्व रिकॉर्ड टूटते-टूटते बचा; भारत-इंग्लैंड की आखिरी भिड़ंत में मचा था बवाल
नीरज शर्मा July 01, 2026 07:12 PM

भारत और इंग्लैंड की पांच मैचों की टी20 सीरीज 1 जुलाई से शुरू हो रही है. किसी द्विपक्षीय टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम आखिरी बार साल 2022 में इंग्लैंड गई थी, उस समय टीम इंडिया ने अंग्रेजों को उन्हीं के घर में 2-1 से हराया था. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम उस जीत के सिलसिले को बरकरार रखना चाहेगी. यह भी ध्यान रखने योग्य बात है कि यही टीम इंडिया आयरलैंड से 0-2 से सीरीज हारकर आ रही है.

खैर भारत और इंग्लैंड के बीच पहले भी टी20 में बहुत रोमांचक मुकाबले देखे जा चुके हैं. जब ये दोनों टीम आखिरी बार टी20 मैच में आमने-सामने आई थीं, तो बड़े-बड़े रिकॉर्ड टूट गए थे. उनके मैच में 73 बाउंड्री और कुल मिलाकर 499 रन बने थे.

73 बाउंड्री और 499 रन

भारत और इंग्लैंड आखिरी बार टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में आमने-सामने आए थे, जिसमें भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीत दर्ज की थी. दरअसल वह मुकाबला वानखेड़े मैदान पर खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 253 रन बना डाले थे. संजू सैमसन ने 89 रनों की यादगार पारी खेली थी. इसके जवाब में इंग्लैंड ने 246 रन बना दिए लेकिन लक्ष्य को भेद नहीं पाया.

भारत और इंग्लैंड की पारी में कुल मिलाकर 499 रन बने और इस दौरान कुल 73 बाउंड्री लगीं. दोनों टीमों ने मिलकर 34 छक्के और 39 चौके लगाए. बल्लेबाजों ने इस कदर कहर बरपाया कि 360 रन तो केवल बाउंड्री से ही बन गए थे. इंग्लैंड के लिए उस मुकाबले में जैकब बैथेल ने 105 रनों की पारी खेली थी.

विश्व रिकॉर्ड टूटते-टूटते बचा

अब तक अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट के इतिहास में केवल एक बार 500 से अधिक रन बने हैं. यह कारनामा वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका ने कर दिखाया था, जब 2023 में उनके एक मैच में कुल 517 रन बने थे. 2026 के वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड मिलकर विश्व रिकॉर्ड बनाने से केवल 18 रन से चूक गए थे.

क्या इंग्लैंड दौरे पर होगा वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल डेब्यू? कप्तान श्रेयस अय्यर ने दिया जवाब

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.