Supaul News: एक साल बाद कमरे में बंद मिली नाबालिग, बोली- 'मां को बेच दिया, मुझे कैद कर रोज पीटा जाता था'
TV9 Bharatvarsh July 01, 2026 10:43 PM

Bihar News: बिहार के सुपौल जिले से एक बेहद सनसनीखेज और हैरान मामला सामने आया है. सदर थाना क्षेत्र के नगर परिषद अंतर्गत कृष्णापुरी वार्ड-4 में एक नाबालिग बच्ची करीब एक साल तक कमरे में बंद रही, जिसे अब बरामद कर लिया गया है. बच्ची ने आरोप लगाया है कि उसे लंबे समय तक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया, उसके साथ लगातार मारपीट की गई और उसकी मां को बेच दिया गया. बच्ची के इन गंभीर आरोपों के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

पीड़ित बच्ची के पिता मनीष कुमार यादव के अनुसार, जुलाई 2025 में उनकी पत्नी और दोनों बेटियां अचानक लापता हो गई थीं. उन्होंने उस समय पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन उनका आरोप है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई. करीब एक साल बाद उनकी बड़ी बेटी किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची. परिवार ने जब उससे पूछताछ की तो उसने अपनी छोटी बहन के एक कमरे में बंद होने की जानकारी दी.

बच्ची को एक साल तक बनाए रखा बंधक

इसके बाद परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से कृष्णापुरी वार्ड-4 स्थित एक कमरे में तलाश की, जहां से मंगलवार शाम छोटी बच्ची को बरामद किया गया. बच्ची ने पुलिस और परिवार के सामने बताया कि उसे करीब एक साल तक कमरे में बंद रखा गया. इस दौरान उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई. उसने यह भी आरोप लगाया कि उसकी मां को बेच दिया गया है.

मां को बेचने का आरोप

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों के बयान दर्ज किए हैं. पुलिस का कहना है कि बच्चों के बयान, साबूतों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मामले में एक महिला को हिरासत में लिया गया है जिससे पूछताछ की जा रही है. बच्ची ने बताया कि उसकी मां को बेच दिया गया है.

जांच में जुटी पुलिस

सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने कहा कि मामला बेहद संवेदनशील है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी तरह के निष्कर्ष पर न पहुंचें. पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.